Vinay Mohan Kwatra ने USCIRF को दी नसीहत, कहा- अपने पूर्वाग्रहों पर आत्ममंथन करे अमेरिकी आयोग

अमेरिका में भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने धार्मिक स्वतंत्रता आयोग की ओर से शरजील इमाम का समर्थन किए जाने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि यह निकाय भारतीय नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों पर फैसला सुनाने का कोई अधिकार नहीं रखता। आयोग के पक्षपातपूर्ण विमर्श के बावजूद भारत लगातार प्रगति कर रहा है।
(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, 14 नवंबर भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने एक अमेरिकी सलाहकार निकाय से अपने पूर्वाग्रहों पर आत्ममंथन करने और दूसरों को उपदेश देना बंद करने को कहा है। यह प्रतिक्रिया उस समय आई जब इस द्विदलीय अमेरिकी आयोग ने भारत में कथित तौर पर धार्मिक आधार पर की गई गिरफ्तारियों का मुद्दा उठाया। क्वात्रा ने शुक्रवार को यह तीखी प्रतिक्रिया अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (यूएससीआईआरएफ) की ओर से सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शरजील इमाम की प्रोफाइल साझा किए जाने के बाद दी।
आयोग ने इमाम का परिचय देते हुए उन्हें ‘‘धार्मिक स्वतंत्रता के लिए आवाज उठाने के कारण भारत में हिरासत में लिया गया एक मुस्लिम व्यक्ति’’ बताया था। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के पूर्व शोधार्थी शरजील इमाम पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज है। उस पर फरवरी 2020 के दंगों के कथित मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल होने का आरोप है।
इन दंगों में 53 लोगों की मौत हुई थी और 700 से अधिक लोग घायल हुए थे। यह हिंसा नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए), 2019 और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के विरोध में हो रहे प्रदर्शनों के दौरान भड़की थी। क्वात्रा ने कहा, ‘‘यूएससीआईआरएफ को भारतीय नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों पर फैसला सुनाने का कोई अधिकार नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उसके लगातार पक्षपातपूर्ण, अधूरी जानकारी पर आधारित और पूर्वाग्रह से ग्रस्त आकलन धार्मिक स्वतंत्रता और सभी धर्मों के लोगों के समान अधिकारों के प्रति भारत की संवैधानिक प्रतिबद्धता को कम नहीं कर सकते।’’ उन्होंने कहा कि यूएससीआईआरएफ के एजेंडे पर आधारित और पक्षपातपूर्ण विमर्श के बावजूद भारत निरंतर प्रगति कर रहा है।
क्वात्रा ने कहा, ‘‘यूएससीआईआरएफ जिस तरह बिना किसी हिचक के दूसरों को नसीहत देने का अधिकार अपने पास मानता है, उसी तरह मैं भी उसे एक सलाह देना चाहता हूं : अपने पूर्वाग्रहों पर आत्ममंथन करे और दूसरों को उपदेश देना बंद करे।’’ भारत यूएससीआईआरएफ को एक पक्षपाती संगठन बताता रहा है और उसकी विश्वसनीयता पर सवाल उठाता रहा है। अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत 1998 में अमेरिकी सरकार द्वारा गठित यूएससीआईआरएफ की सिफारिशें अमेरिकी विदेश मंत्रालय के लिए बाध्यकारी नहीं हैं।
अन्य न्यूज़













