जयशंकर अमेरिका की राजधानी पहुंचे, ब्लिंकन से करेंगे मुलाकात

Jaishankar
ANI

‘कार्नेगी एंडोमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस’ जयशंकर और इस ‘थिंक टैंक’ के अध्यक्ष मारियानो-फ्लोरेंटिनो (टिनो) क्यूएलर के बीच अमेरिका-भारत संबंधों के भविष्य पर चर्चा की मेजबानी करेगा।

विदेश मंत्री एस जयशंकर मंगलवार को अपने अमेरिकी समकक्ष टोनी ब्लिंकन से मुलाकात करेंगे और इस दौरान दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन युद्ध एवं पश्चिम एशिया में संकट सहित कई द्विपक्षीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

जयशंकर रविवार को अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी पहुंचे। वह कैबिनेट के अन्य मंत्रियों और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन के अन्य अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।

अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन से मुलाकात करने के अलावा जयशंकर का ‘थिंक-टैंक’ समुदाय से भी बातचीत करने का कार्यक्रम है। ‘कार्नेगी एंडोमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस’ जयशंकर और इस ‘थिंक टैंक’ के अध्यक्ष मारियानो-फ्लोरेंटिनो (टिनो) क्यूएलर के बीच अमेरिका-भारत संबंधों के भविष्य पर चर्चा की मेजबानी करेगा।

‘थिंक टैंक’ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 2023 की राजकीय यात्रा और बाइडन के साथ उनकी हालिया द्विपक्षीय बैठक का हवाला देते हुए कहा कि भारत का रणनीतिक महत्व वैश्विक स्तर पर और अमेरिकी विदेश नीति के निर्माण में बढ़ रहा है। उसने कहा कि तेजी से बदलते वैश्विक घटनाक्रम के बीच अमेरिका के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंध और अधिक व्यापक हुए हैं। मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार सरकार बनने के बाद जयशंकर पहली बार वाशिंगटन डीसी आए हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़