Indonesia में भूस्खलन के कारण 10 लोगों की मौत, 42 अन्य लापता

Landslide
प्रतिरूप फोटो

आपदा निवारण एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि सैनिकों, पुलिसकर्मियों और स्वयंसेवकों के दल दक्षिण चीन सागर के किनारे नतुना क्षेत्र में समुद्र की ऊंची लहरों से घिरे एक दूरस्थ द्वीप पर जेंटिंग और पंगकलां गांवों में खोज अभियान चला रहे हैं।

जकार्ता।  इंडोनेशिया के सुदूर नतुना क्षेत्र में एक द्वीप पर मूसलाधार बारिश के कारण हुए दो भूस्खलन के बाद लापता लोगों की तलाश मंगलवार को भी जारी है। बचावकर्मी लापता 42 लोगों की तलाश में जुटे हैं। आपदा निवारण एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि सैनिकों, पुलिसकर्मियों और स्वयंसेवकों के दल दक्षिण चीन सागर के किनारे नतुना क्षेत्र में समुद्र की ऊंची लहरों से घिरे एक दूरस्थ द्वीप पर जेंटिंग और पंगकलां गांवों में खोज अभियान चला रहे हैं। आसपास की पहाड़ियों से आई कई टन मिट्टी की चपेट में आने वाले 27 मकानों में 42 लोगों के फंसे होने की खबर है।

इसे भी पढ़ें: Pakistan में आत्मघाती हमले में 10 पुलिसकर्मियों की मौत

नतुना आपदा एजेंसी ने मंगलवार को सुबह मृतक संख्या 11 से घटाकर 10 कर दी। हालांकि इसके बढ़ने की आशंका बनी हुई है। एजेंसी की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, भूस्खलन के कारण घायल हुए आठ लोगों में से चार की हालत गंभीर है। भूस्खलन के कारण 1200 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं, जिन्होंने निकासी केंद्रों और अन्य आश्रयों स्थलों में पनाह ली है। राष्ट्रीय आपदा निवारण एजेंसी के प्रवक्ता अब्दुल मुहारी ने कहा कि भूस्खलन के कारण हुए नुकसान और हताहतों की उचित संख्या का अभी पता लगाया जा रहा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़