सुरक्षा संबंधी लेख को लेकर Prince Harry ने अखबार पर मानहानि का मामला दायर किया

Prince Harry
प्रतिरूप फोटो
Google Creative Commons
लेख में आरोप है कि हैरी ने पुलिस सुरक्षा के लिए स्वयं भुगतान करने की इच्छा जताई थी, लेकिन ब्रिटेन की सरकार ने इनकार कर दिया और इसके खिलाफ उनके एक अलग कानूनी वाद को छिपाने का प्रयास किया गया है।

प्रिंस हैरी के वकीलों ने शुक्रवार को एक न्यायाधीश से यह व्यवस्था देने का आग्रह किया कि हैरी और उनके परिवार के ब्रिटेन दौरे के समय उनकी पुलिस सुरक्षा की इच्छा के संबंध में आलेख लिखकर एक टैब्लॉइड ने प्रिंस का अपमान किया है। हैरी इस लेख को लेकर ‘मेल ऑन सन्डे’ के प्रकाशक एसोसिएटिड न्यूजपेपर्स लिमिटेड पर मुकदमा दायर कर रहे हैं। लेख में आरोप है कि हैरी ने पुलिस सुरक्षा के लिए स्वयं भुगतान करने की इच्छा जताई थी, लेकिन ब्रिटेन की सरकार ने इनकार कर दिया और इसके खिलाफ उनके एक अलग कानूनी वाद को छिपाने का प्रयास किया गया है।

लंदन के हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान हैरी के शीर्ष अटॉर्नी ने न्यायाधीश मैथ्यू निकिन से कहा कि या तो प्रकाशक की बचाव की दलीलों को खारिज किया जाए या एक सार-संक्षेप वाला फैसला सुनाया जाए जो मुकदमा चलाये बिना राजकुमार हैरी के पक्ष में एक व्यवस्था होगी। वकील जस्टिन रशब्रूक ने कहा कि प्रकाशक के बचाव में दी गयी इन दलीलों के समर्थन में तथ्य नहीं हैं कि आलेख में एक ईमानदार राय दी गयी है। हैरी सुनवाई के समय अदालत में नहीं थे।

ड्यूक ऑफ ससेक्स की उपाधि ग्रहण करने वाले प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन को सरकारी पैसे से मिली पुलिस सुरक्षा उस समय खोनी पड़ी जब उन्होंने 2020 में वरिष्ठ कार्यकारी शाही सदस्य के रूप में अपने अधिकार छोड़ दिये और उत्तर अमेरिका में जाकर बस गये। प्रिंस (38) जब ब्रिटेन आते हैं तो पुलिस सुरक्षा के लिए खुद भुगतान करना चाहते हैं, लेकिन सरकार ने कहा कि ऐसा संभव नहीं है। पिछले साल एक न्यायाधीश ने इस मामले में हैरी को सरकार पर मुकदमा चलाने की अनुमति दी थी। मामले में अभी सुनवाई शुरू नहीं हुई है। हैरी ने फरवरी 2022 में छपे एक लेख को लेकर एसोसिएटिड न्यूजपेपर पर मुकदमा दायर किया है।

Disclaimer:प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


अन्य न्यूज़