अमेरिका में संसद के अध्यक्ष बनने के बेहद करीब पहुंचे Republican नेता केविन मैक्कार्थी

Kevin McCarthy
Creative Commons licenses

अमेरिकी संसद की प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष के तौर पर रिपब्लिकन नेता केविन मैक्कार्थी का चुना जाना लगभग तय हो गया है। केविन के विरोधी भी अब उनके पक्ष में आ गए है। अमेरिका के इतिहास में गृहयुद्ध के काल से यह पहली बार है जब अध्यक्ष पद के चुनाव का मतदान इतने चरणों तक खिंच गया है।

वाशिंगटन। रिपब्लिकन नेता केविन मैक्कार्थी अमेरिकी संसद की प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष बनने के करीब पहुंच गए हैं। शुक्रवार रात उनके 15 विरोधियों ने नाटकीय रूप से उनका समर्थन किया। गतिरोध के बीच प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष पद का चुनाव 12वें और 13वें चरण तक पहुंच गया है और अब भी यह प्रक्रिया जारी है। मैक्कार्थी ने पत्रकारों से कहा कि मुझे विश्वास है कि इसे हमेशा के लिए खत्म करने के लिए हमारे पास पर्याप्त वोट होंगे।

उनको यह बढ़त तब हासिल हुई है जब उन्होंने विरोधियों की कई मांगों को मान लिया है जिनमें उस नियम की बहाली भी शामिल है जिसके जरिए अध्यक्ष को पद से हटाने के लिए किसी भी सदस्य को मतदान कराने की अनुमति मिल जाएगी। अगर मैक्कार्थी को आवश्यकता के अनुसार वोट मिल भी जाते हैं तो भी वह एक कमजोर अध्यक्ष रहेंगे जिनके पास कुछ शक्तियां नहीं होंगी और उन पर विरोधियों द्वारा हटाए जाने का खतरा मंडराता रहेगा। अमेरिका के इतिहास में गृहयुद्ध के काल से यह पहली बार है जब अध्यक्ष पद के चुनाव का मतदान इतने चरणों तक खिंच गया है।

यह मतदान ऐसे वक्त हो रहा है जब छह जनवरी 2021 में अमेरिकी संसद भवन परिसर में हुई हिंसा के दो साल पूरे हो गए हैं। संसद भवन परिसर में शुक्रवार को एक कार्यक्रम में कुछ सांसदों ने कुछ मिनट का मौन रखा तथा उन अधिकारियों की प्रशंसा की जिन्होंने उस दिन कांग्रेस की रक्षा में मदद की थी। इन सांसदों में अधिकतर डेमोक्रेटिक पार्टी से थे। वहीं, राष्ट्रपति जो. बाइडन ने हमलावरों का मुकाबला करने वाले अधिकारियों तथा अन्य लोगों को व्हाइट हाउस में पदक प्रदान किए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़