Ukraine War पर Putin का बड़ा ऐलान, Orthodox Easter पर 32 घंटे के सीज़फायर की घोषणा

Russian President Putin
AI Generated

ऑर्थोडॉक्स ईस्टर के मौके पर, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में 32 घंटे के एकतरफा युद्धविराम का ऐलान किया है, यह कदम राष्ट्रपति जेलेंस्की की अपील के बाद आया है। क्रेमलिन ने सेना को शनिवार शाम से रविवार तक संघर्ष विराम का आदेश दिया है, लेकिन पिछले अनुभवों को देखते हुए इसके पालन पर संदेह बना हुआ है।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बृहस्पतिवार को यूक्रेन में ‘ऑर्थोडॉक्स ईस्टर’ सप्ताहांत के दौरान 32 घंटे के युद्धविराम की घोषणा की। इससे पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने ‘ऑर्थोडॉक्स ईस्टर’ के अवसर पर शत्रुता को कुछ समय के लिए रोकने का आह्वान किया था। ‘क्रेमलिन’ (रूस के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) द्वारा जारी पुतिन के आदेश में रूसी सेनाओं को शनिवार शाम चार बजे (स्थानीय समयानुसार) से रविवार शाम तक युद्धविराम का पालन करने का आदेश दिया गया है।

जेलेंस्की ने सप्ताह की शुरुआत में प्रस्ताव रखा कि दोनों पक्ष छुट्टियों के दौरान एक-दूसरे के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद कर दें और कहा कि उन्होंने यह प्रस्ताव अमेरिका के माध्यम से दिया है जो रूस और यूक्रेन के बीच मध्यस्थता कर रहा है। रूस-यूक्रेन युद्ध का यह पांचवा वर्ष है। पुतिन की इस घोषणा पर यूक्रेन की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। पिछले ईस्टर पर पुतिन ने एकतरफा रूप से 30 घंटे के युद्धविराम की घोषणा की थी लेकिन दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर इसका उल्लंघन करने का आरोप लगाया।

युद्धविराम की घोषणा करते हुए क्रेमलिन द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि ‘‘इस अवधि के दौरान सभी सीमाओं पर शत्रुता पर रोक के आदेश जारी किए गए हैं’’। साथ ही यह भी कहा गया है कि ‘‘सैनिकों को दुश्मन द्वारा किसी भी संभावित उकसावे और आक्रामक कार्रवाई का मुकाबला करने के लिए तैयार रहना होगा’’। आदेश में कहा गया है, ‘‘हमें उम्मीद है कि यूक्रेनी पक्ष रूसी संघ के उदाहरण का अनुसरण करेगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़