Prabhasakshi NewsRoom: आपस में भिड़े Saudi Arabia और UAE, Yemen बना खाड़ी शक्तियों की जंग का मैदान

हम आपको बता दें कि सऊदी पक्ष का आरोप है कि जिस समय यमन में राजनीतिक समझौते और सैन्य समन्वय की कोशिशें चल रही थीं, उसी दौरान यूएई ने अलगाववादी नेता को सुरक्षा देकर बाहर निकाला और उसे अपने प्रभाव क्षेत्र में पहुंचा दिया।
मध्य पूर्व की राजनीति में एक नया और खतरनाक तनाव उभर आया है। दरअसल, सऊदी अरब ने आरोप लगाया कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने यमन के उस अलगाववादी नेता को अबू धाबी भेज दिया है जिस पर राजद्रोह का मामला दर्ज है। हम आपको बता दें कि यह नेता यमन में देशद्रोह के आरोपों में वांछित था और उस पर यमन को तोड़ने तथा सशस्त्र विद्रोह को हवा देने के आरोप हैं। सऊदी अरब का कहना है कि यह कार्रवाई न केवल यमन की संप्रभुता पर हमला है बल्कि उस गठबंधन के साथ खुला विश्वासघात भी है जो हूती विद्रोहियों के खिलाफ बनाया गया था।
सऊदी पक्ष का आरोप है कि जिस समय यमन में राजनीतिक समझौते और सैन्य समन्वय की कोशिशें चल रही थीं, उसी दौरान यूएई ने अलगाववादी नेता को सुरक्षा देकर बाहर निकाला और उसे अपने प्रभाव क्षेत्र में पहुंचा दिया। यह कदम उस समय उठाया गया जब सऊदी अरब यमन की एकता को बनाए रखने और वहां की सरकार को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। इस घटनाक्रम ने यह भी साफ कर दिया है कि यमन युद्ध के भीतर ही अब एक और युद्ध जन्म ले चुका है।
इसे भी पढ़ें: Saudi Arabia ने शनिवार को यमन के विद्रोहियों पर हवाई हमले किये
हम आपको बता दें कि यमन पहले ही वर्षों से गृहयुद्ध की आग में झुलस रहा है। उत्तर में हूती विद्रोही, दक्षिण में अलगाववादी गुट और बीच में कमजोर केंद्र सरकार। सऊदी अरब और यूएई लंबे समय तक एक ही पक्ष में खड़े थे लेकिन जमीनी सच्चाई यह है कि दोनों के हित कभी एक जैसे नहीं रहे। अब यह टकराव खुलकर सामने आ गया है। सऊदी अरब जहां यमन को एक राष्ट्र के रूप में देखना चाहता है वहीं यूएई दक्षिण यमन में अपने प्रभाव को मजबूत करने की रणनीति पर चल रहा है।
देखा जाये तो यह घटनाक्रम केवल यमन तक सीमित नहीं है। खाड़ी क्षेत्र में जिस एकता और सामूहिक सुरक्षा की बात की जाती थी वह अब दरकती दिख रही है। सऊदी अरब और यूएई के बीच अविश्वास की खाई गहरी होती जा रही है और इसका सीधा असर पूरे क्षेत्र की स्थिरता पर पड़ सकता है।
साथ ही सऊदी अरब और यूएई के बीच टकराव की यह खबर साधारण नहीं है। यह मध्य पूर्व की राजनीति में एक बड़े भूचाल का संकेत है। ऐसे समय में जब दुनिया पहले ही कई मोर्चों पर सुलग रही है तब खाड़ी के दो सबसे ताकतवर देशों के बीच उभरता यह तनाव बेहद खतरनाक है। दुनिया रूस यूक्रेन युद्ध से जूझ रही है। पश्चिम एशिया पहले से ही हिंसा और अस्थिरता का केंद्र बना हुआ है। अफ्रीका और एशिया के कई हिस्सों में संघर्ष जारी हैं। ऐसे में सऊदी अरब और यूएई का आमने सामने आना वैश्विक अस्थिरता को और भड़का सकता है।
देखा जाये तो यमन युद्ध पहले ही एक मानवीय त्रासदी बन चुका है। लाखों लोग भुखमरी और बीमारी के कगार पर हैं। अब जब उसी युद्ध में शामिल सहयोगी देश एक दूसरे के खिलाफ चालें चलने लगें तो स्थिति और भी विस्फोटक हो जाती है। यह केवल रणनीतिक मतभेद नहीं हैं बल्कि सत्ता और प्रभाव की खुली लड़ाई है। यूएई का अलगाववादी ताकतों को संरक्षण देना यह दिखाता है कि वह यमन को एक मोहरे की तरह इस्तेमाल कर रहा है। सऊदी अरब इसे अपनी सुरक्षा और क्षेत्रीय नेतृत्व के लिए सीधी चुनौती मान रहा है।
यह टकराव आगे क्या रूप ले सकता है यह कहना कठिन नहीं है। यदि यह तनाव बढ़ता है तो यमन में गृहयुद्ध और गहरा होगा। अलगाववादी गुटों को और हथियार मिलेंगे। हूती विद्रोहियों को भी इसका फायदा मिलेगा। अंततः यमन एक ऐसे युद्धक्षेत्र में बदल सकता है जहां हर ताकत अपनी अलग लड़ाई लड़ रही होगी। इससे पूरे खाड़ी क्षेत्र में अस्थिरता फैलेगी और समुद्री मार्गों से लेकर ऊर्जा आपूर्ति तक सब कुछ प्रभावित होगा।
इसके वैश्विक निहितार्थ भी बेहद गंभीर हैं। खाड़ी क्षेत्र विश्व की ऊर्जा आपूर्ति की रीढ़ है। यहां किसी भी तरह का बड़ा टकराव वैश्विक अर्थव्यवस्था को हिला सकता है। तेल की कीमतें उछल सकती हैं। व्यापारिक मार्ग असुरक्षित हो सकते हैं। साथ ही बड़ी शक्तियां अपने हितों के अनुसार पक्ष चुनने लगेंगी और दुनिया एक नई ध्रुवीकरण की ओर बढ़ सकती है। यह भी याद रखना होगा कि जब क्षेत्रीय शक्तियां आपस में भिड़ती हैं तो अक्सर छोटे देश और आम लोग इसकी सबसे बड़ी कीमत चुकाते हैं। यमन इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। इसके अलावा, सऊदी अरब और यूएई का यह टकराव यदि खुली दुश्मनी में बदलता है तो यह केवल दो देशों की समस्या नहीं रहेगी बल्कि एक वैश्विक संकट का रूप ले सकती है।
बहरहाल, यदि खाड़ी के ताकतवर देश अपने तात्कालिक स्वार्थों के लिए पूरे क्षेत्र को आग में झोंकते रहे तो इसका परिणाम विनाशकारी होगा। दुनिया पहले ही युद्ध और तनाव से थकी हुई है। एक और मोर्चा खुलना मानवता के लिए घातक साबित हो सकता है। यह खबर एक चेतावनी है कि यदि सत्ता की भूख और रणनीतिक अहंकार पर लगाम नहीं लगी तो आने वाला समय और भी अंधकारमय हो सकता है।
अन्य न्यूज़











