सचिन के साथ मैदान पर उतरे प्रिंस विलियम, बच्चों संग खेला गली क्रिकेट, वीडियो वायरल

cricket
ANI
अभिनय आकाश । Nov 16 2026 12:34PM

ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और केट मिडलटन तीन दिवसीय दौरे पर मुंबई पहुंचे हैं, जहां उन्होंने सचिन तेंदुलकर के साथ क्रिकेट खेलकर अपनी यात्रा शुरू की। इस दौरे का मुख्य केंद्र प्रतिष्ठित अर्थशॉट प्राइज़ अवार्ड्स में भाग लेना है। शाही जोड़े की यात्रा के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने 16 से 19 नवंबर तक शहर में कड़े यातायात प्रतिबंध लागू किए हैं।

हर साल, कई बड़ी अंतरराष्ट्रीय हस्तियां भारत आती हैं। अपनी यात्रा के दौरान, वे देश को जानने-समझने के लिए काफी उत्साहित रहती हैं। कभी-कभी वे पहली बार भारत आती हैं, तो कभी दशकों बाद वापस लौटती हैं।  वेल्स के राजकुमार और राजकुमारी, प्रिंस विलियम और केट मिडलटन, भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर मुंबई पहुँच गए हैं। उन्होंने अपने कार्यक्रमों की शुरुआत क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और स्कूली बच्चों के साथ 'गली क्रिकेट' खेलकर की। इस तरह, शाही जोड़े ने 2016 की अपनी मुंबई यात्रा से जुड़ी खेल परंपरा को फिर से दोहराया। उनकी इस यात्रा में मुंबई में आयोजित होने वाला प्रतिष्ठित 'अर्थशॉट प्राइज़ अवार्ड्स नाइट' कार्यक्रम भी शामिल है।

इसे भी पढ़ें: अमेरिका से डील फाइनल! आया बड़ा अपडेट, क्या बोले जयशंकर?


दक्षिण एशिया के लिए ब्रिटेन के व्यापार आयुक्त और पश्चिमी भारत के लिए उप उच्चायुक्त हरजिंदर कंग ने कहा कि ब्रिटेन-भारत साझेदारी के एक बेहद रोमांचक दौर में हमारे ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते के लागू होने के साथ, शाही परिवार के सदस्य भारत आ रहे हैं। उन्होंने कहा जलवायु संबंधी कार्यों को आर्थिक अवसरों में बदलने और दीर्घकालिक विकास हासिल करने की अपार संभावनाएं हैं। हमारी साझेदारी का मुख्य जोर ऐसे व्यावहारिक समाधानों पर है, जो हमारे ग्रह की रक्षा करते हुए व्यवसायों को भी सहयोग दें। इसे प्रदर्शित करने के लिए मुंबई से बेहतर कोई जगह नहीं हो सकती, क्योंकि इस शहर में नवाचार करने और उसे बड़े पैमाने पर लागू करने की अद्भुत क्षमता है।” इस दौरे का मुख्य केंद्र छठा और सबसे बड़ा अर्थशॉट प्राइज अवार्ड्स है, जो जलवायु संबंधी नवाचारों को सम्मानित करता है। इसके अलावा, विलियम और केट कई अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे, जिनका उद्देश्य क्रिकेट, फैशन और सिनेमा के माध्यम से ब्रिटेन और भारत के बीच गहरे संबंधों का जश्न मनाना है। एफसीडीओ ने कहा कि जलवायु और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग, ब्रिटेन-भारत विजन 2035 साझेदारी का एक मुख्य स्तंभ है। ब्रिटेन और भारत मिलकर यह दिखा रहे हैं कि किस तरह जलवायु संबंधी कदम, नवाचार और आर्थिक विकास एक साथ आगे बढ़ सकते हैं, और साथ ही ऐसे समाधान तैयार कर रहे हैं जिन्हें वैश्विक स्तर पर अपनाया जा सकता है। छह साल पहले शाही परिवार द्वारा शुरू किया गया यह वार्षिक पुरस्कार दुनिया का प्रमुख पर्यावरण पुरस्कार माना जाता है। इसमें पांच अंतिम प्रतिभागियों में से प्रत्येक को 10 लाख पाउंड (लगभग 13 लाख अमेरिकी डॉलर) की राशि प्रदान की जाती है। अधिकारियों के अनुसार, छह साल पहले अर्थशॉट प्राइज की शुरुआत के बाद से किसी भी अन्य देश की तुलना में भारत से सबसे ज्यादा विजेता और फाइनलिस्ट सामने आए हैं।

इसे भी पढ़ें: Menopause और Breast Cancer का क्या है संबंध, बढ़ती उम्र में क्यों बढ़ता है खतरा


मुंबई में आज से यातायात प्रतिबंध लागू


ब्रिटेन के युवराज विलियम की  यात्रा के मद्देनजर मुंबई की यातायात पुलिस ने  घोषणा की कि 16 से 19 नवंबर तक शहर के कुछ हिस्सों में अस्थायी रूप से यातायात मार्ग परिवर्तित रहेंगे, सड़कें बंद रहेंगी और पार्किंग पर पाबंदियां रहेंगी। प्रिंस विलियम और वेल्स की राजकुमारी कैथरीन के 16 से 18 नवंबर तक शहर के दौरे से पहले ये पाबंदियां लगाई गई हैं। इस दौरान वे अर्थशॉट प्राइज समिट और अवार्ड्स नाइट में शामिल होंगे। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण यातायात) हेमराजसिंह राजपूत ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत जारी आदेश में कहा कि इन प्रतिबंधों का उद्देश्य जाम की स्थिति को रोकना और वाहनों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखना है। हालांकि, एम्बुलेंस, दमकल गाड़ियों, पुलिस और अन्य आपातकालीन वाहनों को इससे छूट दी गई है। अधिसूचना के अनुसार, सोमवार को विशेष यातायात नियम लागू रहेंगे। हुतात्मा राजगुरु चौक पर मैडम कामा रोड से फ्री प्रेस रोड की ओर मुड़ने वाला दायां मोड़ और इसी चौराहे पर फ्री प्रेस रोड के उत्तर की ओर जाने वाले मार्ग से दक्षिण की ओर जाने वाले मार्ग की तरफ मुड़ने वाला यू-टर्न जो सामान्य यातायात के लिए आमतौर पर बंद रहते हैं केवल वीआईपी वाहनों के लिए खुले रहेंगे। आदेश के मुताबिक, शहीद भगत सिंह मार्ग से अवतार सिंह बेदी चौक की ओर जाने वाले वाहनों को वालचंद हीराचंद मार्ग पर या बैलार्ड पियर उतरने वाले स्थान (अलाइटिंग पॉइंट) की तरफ दाएं मुड़ने की अनुमति नहीं होगी, यह स्थान केवल वीवीआईपी काफिलों के लिए खुला रहेगा। इसके अलावा, एन. मोरारजी रोड पर उत्तर-दक्षिण दिशा में सामान्य यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। अधिकारी ने बताया कि सोमवार को एन. मोरारजी रोड, जे. एन. हेरेडिया मार्ग और वालचंद हीराचंद मार्ग पर पार्किंग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे इन चार दिनों के दौरान अपनी यात्रा की योजना उसी हिसाब से बनाएं और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

All the updates here:

अन्य न्यूज़