Black Sea में मालवाहक जहाज पर हमले के बाद सुरक्षित निकाले गए 3 भारतीय नागरिक

काला सागर में तुर्किये के एक मालवाहक पोत पर हुए ड्रोन हमले के बाद बचाए गए तीन भारतीय नागरिकों की हालत स्थिर बताई गई है। रोमानिया स्थित भारतीय दूतावास ने अस्पताल और होटल में उनसे मिलकर जल्द स्वदेश वापसी का भरोसा दिया है। हमले में कम से कम दो विदेशी नाविकों की जान गई थी।
लंदन, सात अक्टूबर काला सागर में रूसी ड्रोन हमले के बाद तुर्किये के स्वामित्व वाले मालवाहक जहाज से बचाए गए तीन भारतीय नागरिकों की हालत ‘‘स्थिर’’ है और उन्हें रोमानिया से ‘‘सुरक्षित और जल्द रवाना’’ होने के लिए हर आवश्यक सहायता मुहैया कराने का आश्वासन दिया गया है। भारतीय मिशन ने यह जानकारी दी। रोमानिया में भारतीय दूतावास के एक प्रतिनिधि ने मंगलवार को ‘एमवी रोयाद ममादोव’ से बचाए गए तीनों भारतीयों से मुलाकात की।
दूतावास ने बताया कि इनमें से दो नागरिक एक होटल में ठहरे हुए हैं, जबकि तीसरे का कॉन्स्टांता स्थित काउंटी अस्पताल में इलाज चल रहा है। भारतीय मिशन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘तीनों की हालत स्थिर है।’’ तीनों भारतीय नागरिकों को सोमवार को बचाया गया था। दूतावास ने मंगलवार को कहा, ‘‘दूतावास ने उन्हें रोमानिया से सुरक्षित और जल्द रवाना होने के लिए हर आवश्यक सहायता और सहयोग का आश्वासन दिया।
मोबाइल फोन समेत जरूरी सामान शिपिंग कंपनी के स्थानीय एजेंट के माध्यम से उपलब्ध कराया गया, जबकि स्थानीय भारतीय रेस्तरां से भारतीय भोजन की व्यवस्था की गई।’’ दूतावास ने बताया कि प्रतिनिधि ने आगे की सहायता के समन्वय के लिए स्थानीय पुलिस अधिकारियों, शिपिंग कंपनी के एजेंट और घायल भारतीय का इलाज कर रहे डॉक्टरों से भी मुलाकात की। ‘एमवी रोयाद ममादोव’ पर इस सप्ताह की शुरुआत में काला सागर में हमला किया गया था। इस हमले में कम से कम दो विदेशी नाविकों की मौत हो गई और चालक दल के कई सदस्य घायल हुए।
मारे गए लोगों की राष्ट्रीयता की तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी। रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच काला सागर लगातार व्यवधान का एक प्रमुख क्षेत्र बना हुआ है। यहां हुए हमलों से वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही और बंदरगाहों का बुनियादी ढांचा प्रभावित हुआ है।
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान में हमले की निंदा करते हुए कहा कि वह ‘‘वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर होने वाले इन हमलों को लेकर गंभीर रूप से चिंतित है।’’ बयान में कहा गया है, ‘‘घायलों को रोमानिया के अधिकारियों ने बचा लिया है और उन्हें चिकित्सकीय सहायता दी जा रही है। जहाज के चालक दल का हिस्सा रहे तीन भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। हम इस घटना में रोमानियाई अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई के लिए उनका धन्यवाद करते हैं।’’ विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम जारी संघर्षों को समाप्त करने के लिए संवाद और कूटनीति का आह्वान करते रहेंगे।
अन्य न्यूज़













