America के Oregon में संघीय आव्रजन अधिकारियों की गोलीबारी में दो लोग घायल

Shooting
प्रतिरूप फोटो
Prabhasakshi

पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और वहां दो लोगों को गोली लगने से घायल अवस्था में पाया। पुलिस ने बताया कि अधिकारियों ने पुष्टि की कि वे संघीय अधिकारियों के साथ हुई गोलीबारी में घायल हुए थे।

अमेरिका में संघीय आव्रजन अधिकारियों ने ओरेगन राज्य के पोर्टलैंड में एक अस्पताल के बाहर एक वाहन में सवार लोगों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की जिसमें दो लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

गृह सुरक्षा विभाग के अनुसार वाहन सवार एक व्यक्ति की पहचान ‘‘वेनेजुएला के अवैध प्रवासी के रूप में हुई है जो अंतरराष्ट्रीय ‘त्रेन दे अरगुआ’ वेश्यावृत्ति गिरोह से जुड़ा हुआ है और पोर्टलैंड में हाल में हुई गोलीबारी में शामिल था।

विभाग ने एक बयान में कहा कि बृहस्पतिवार दोपहर को जब अधिकारियों ने वाहन में सवार लोगों को अपना परिचय दिया तो चालक ने उन्हें कुचलने की कोशिश की। बयान में कहा गया है, ‘‘अपनी जान और सुरक्षा को खतरे में देखते हुए एक एजेंट ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। इसके बाद दोनों वाहन से फरार हो गए।’’

उन घटनाओं या वाहन में सवार लोगों के किसी गिरोह से संबंध होने की तत्काल स्वतंत्र रूप से कोई पुष्टि नहीं हुई थी। पोर्टलैंड पुलिस ब्यूरो के अनुसार, अधिकारियों ने शुरू में अपराह्न लगभग दो बजकर 18 मिनट पर एक अस्पताल के पास गोलीबारी की सूचना पर कार्रवाई की। कुछ मिनट बाद पुलिस को सूचना मिली कि गोली लगने से घायल एक व्यक्ति कुछ मील दूर एक रिहायशी इलाके में मदद मांग रहा है।

पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और वहां दो लोगों को गोली लगने से घायल अवस्था में पाया। पुलिस ने बताया कि अधिकारियों ने पुष्टि की कि वे संघीय अधिकारियों के साथ हुई गोलीबारी में घायल हुए थे। स्थानीय अधिकारी एलाना पर्टल-गुइनी ने कहा, ‘‘जहां तक ​​हमें पता है, ये दोनों व्यक्ति जीवित हैं और हमें इस संबंध में और अधिक जानकारी मिलने की उम्मीद है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़