Delhi के बवाना में झगड़े के बाद युवक की चाकू घोंपकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

दिल्ली के बवाना में मामूली विवाद के बाद 18 वर्षीय बृजेश उर्फ बाली की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जिसके आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरदीन उर्फ आकाश को गिरफ्तार कर लिया। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और खुफिया जानकारी की मदद से आरोपी को पकड़ा है।

दिल्ली के बवाना इलाके में झगड़े के बाद 18 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सोमवार को बवाना में एक व्यक्ति के बेहोश पड़े होने के संबंध में पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना दी गई, जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस को ब्रृजेश उर्फ बाली (18) चाकू लगने से घायल अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने बताया कि उसे नरेला के सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र (एसआरएचसी) अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और खुफिया जानकारी जुटाने के बाद आरोपी फरदीन उर्फ आकाश (18) को पकड़ लिया।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आया कि पहले ब्रृजेश और फरदीन के बीच किसी बात को लेकर बवाना में जेजे कॉलोनी के ई ब्लॉक में झगड़ा हुआ था और इस दौरान चाकू से हमले में वह जख्मी हो गया था और बाद में उसकी मौत हो गई। नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि हत्या के मकसद का पता लगाने, घटनाओं का पूरा क्रम स्थापित करने और सबूत इकट्ठा करने के लिए आगे की जांच जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़