US Army ने रोकी Apache हेलिकॉप्टर की ट्रेनिंग, Texas में 2 सैनिकों की हुई थी मौत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अमेरिका में टेक्सास के पास इस सप्ताह हुए जानलेवा हादसे के बाद सेना ने अपने सभी अपाचे हेलीकॉप्टरों के प्रशिक्षण मिशन पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। अलबामा स्थित फोर्ट रकर की सुरक्षा जांच टीम दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जब तक हादसे की मूल वजह स्पष्ट नहीं हो जाती, यह रोक प्रभावी रहेगी।

अमेरिकी सेना ने शुक्रवार को अपाचे हेलीकॉप्टरों के सभी प्रशिक्षण मिशनों पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी। यह निर्णय टेक्सास में इस सप्ताह हुए एक घातक हेलीकॉप्टर हादसे के बाद लिया गया, जिसमें दो सैनिकों की मौत हो गई थी। बुधवार को हुए इस हादसे के कारणों का अभी खुलासा नहीं किया गया है, क्योंकि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है।

सेना ने बताया कि अलबामा के फोर्ट रकर स्थित ‘आर्मी कॉम्बैट रेडीनेस सेंटर’ की एक सुरक्षा जांच टीम दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। सेना ने अपने बयान में कहा, ‘‘प्रशिक्षण पर यह रोक तब तक जारी रहेगी, जब तक हमें इस दुर्घटना के मूल कारण का पता नहीं चल जाता।’’ अमेरिकी सेना पहले भी ऐसे हादसों के बाद इसी तरह के कदम उठा चुकी है। तीन वर्ष पहले अलास्का और केंटकी में अलग-अलग हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं में 12 सैनिकों की मौत के बाद सेना ने सभी विमानन इकाइयों की उड़ानें रोक दी थीं, ताकि अतिरिक्त सुरक्षा प्रशिक्षण पूरा किया जा सके।

हालांकि, सेना ने ईरान के साथ चल रहे युद्ध में अपाचे हेलीकॉप्टरों द्वारा संचालित लड़ाकू अभियानों को रोकने का कोई उल्लेख नहीं किया। ये हेलीकॉप्टर होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास समुद्री मार्गों को खुला बनाए रखने के लिए तैनात किए गए हैं। हाल ही में एक अपाचे हेलीकॉप्टर ईरानी ड्रोन से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

अमेरिका के राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) ने पिछले वर्ष वाशिंगटन डीसी के पास ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर और अमेरिकन एयरलाइंस के एक विमान की टक्कर की जांच के दौरान सेना की सुरक्षा संस्कृति की कड़ी आलोचना की थी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़