ब्रिटेन के RAF Fairford बेस पर हमले की साजिश, अमेरिका में तीन लोगों पर आरोप

अमेरिकी अभियोजकों ने ब्रिटेन में आरएएफ फेयरफोर्ड सैन्य अड्डे और यहूदी समुदायों पर करीब 20 आतंकी हमलों की साजिश के आरोप में तीन लोगों पर केस दर्ज किया है। न्यूयॉर्क की अदालत में दायर पत्र के अनुसार, जेल में बंद अल-सादी ने फोन पर कोड वर्ड के जरिए ईरानी एजेंटों तक संदेश पहुंचाए थे। सुरक्षा कारणों से अमेरिकी सेना ने इस ब्रिटिश अड्डे से अपने बमवर्षक विमानों को पहले ही वापस बुला लिया था।
अमेरिकी प्राधिकारियों ने यूरोप एवं अमेरिका में यहूदी समुदायों और ब्रिटेन के सैन्य अड्डे आरएएफ फेयरफोर्ड को निशाना बनाकर करीब 20 आतंकवादी हमले करने की साजिश रचने के आरोप में मंगलवार को तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। मैनहट्टन की संघीय अदालत में मंगलवार को सार्वजनिक किए गए अभियोग पत्र में ईरान और इराक की दोहरी नागरिकता रखने वाले मोहम्मद बाकिर साद दाऊद अल-सादी, ईरानी नागरिक मोहसिन मोहाजेरी और इराकी नागरिक मोहम्मद अली अल-हसानी के खिलाफ आरोपों का विवरण दिया गया है। न्यूयॉर्क में अमेरिकी अटॉर्नी जेमी मैकडोनाल्ड ने एक बयान में कहा कि मई में गिरफ्तार किए जाने के बावजूद अल-सादी सितंबर में ब्रिटेन के फेयरफोर्ड स्थित रॉयल एयर फोर्स (आरएएफ) अड्डे पर आतंकवादी हमले की कोशिश से पहले तक अपने सह-आरोपियों के साथ मिलकर साजिश रचता रहा।
इस सैन्य अड्डे पर अमेरिकी बमवर्षक विमान और सैनिक तैनात थे। नए अभियोग पत्र से उस घटना के बारे में नयी जानकारी सामने आई है, जो एक महीने से अधिक समय तक रहस्य बनी रही थी। पश्चिमी इंग्लैंड में स्थित इस सैन्य अड्डे की ओर 27 सितंबर को आधी रात के बाद तीन संदिग्ध वैन जाती देखी गई थीं, जिसके बाद विस्फोटकों और आतंकवाद से संबंधित अपराधों के संदेह में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया था।
इन गिरफ्तारियों के बाद अमेरिकी सेना ने वहां तैनात अपने बमवर्षक विमानों को वापस बुला लिया था और उन्हें अमेरिका में उनके मूल सैन्य अड्डों पर फिर से तैनात कर दिया गया था। अभियोग पत्र के अनुसार, अमेरिका के न्यूयॉर्क में आतंकवाद के आरोप में जेल में बंद अल-सादी ने ब्रिटेन के हवाई अड्डे पर हमले की योजना बना रहे ईरानी एजेंटों तक गुप्त संदेश पहुंचाए थे। अभियोजकों के अनुसार, अल-सादी ने इराक में अपनी मां और बहन से फोन तथा वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान सांकेतिक भाषा का इस्तेमाल कर अपने सहयोगियों तक संदेश पहुंचाए और उन्हें हवाई अड्डे पर बम हमला करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस मामले में दो अन्य लोगों के खिलाफ भी आरोप तय किए गए हैं। मामले में ईरान समर्थित एजेंटों पर यूरोप और अमेरिका में यहूदी समुदायों को निशाना बनाकर करीब 20 आतंकवादी हमलों की साजिश रचने का आरोप है। दो अन्य आरोपी मोहाजेरी और अल-हसानी फिलहाल अमेरिकी हिरासत में नहीं है।
अन्य न्यूज़














