US NSA का आंतरिक नेटवर्क NSANet ठप, एजेंसी ने नियमित रखरखाव को बताया वजह

US NSA का आंतरिक नेटवर्क NSANet ठप, एजेंसी ने नियमित रखरखाव को बताया वजह
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अमेरिकी खुफिया एजेंसी एनएसए की गोपनीय संचार प्रणाली में मंगलवार को तकनीकी खराबी आने से कामकाज बाधित हुआ। रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार एनएसएनेट प्रभावित हुआ, हालांकि एजेंसी ने स्पष्ट किया कि महत्वपूर्ण अभियानों से जुड़ी क्षमताएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। अमेरिकी अधिकारियों ने इसे साइबर हमला मानने से इनकार करते हुए सिस्टम अपग्रेड से जुड़ी समस्या बताया है।

अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनएसए) द्वारा गोपनीय सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला आंतरिक नेटवर्क मंगलवार को ठप पड़ गया जिसके लिए एजेंसी ने ‘‘नियमित रखरखाव’’ को जिम्मेदार ठहराया है। रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि इस समस्या के कारण ‘एनएसएनेट’ का कामकाज बाधित हुआ। एनएसए ने एक बयान में कहा, ‘‘निर्धारित नियमित रखरखाव के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी के कामकाज में अस्थायी बाधा आई।

हालांकि कुछ आंतरिक प्रणालियां प्रभावित हुईं लेकिन महत्वपूर्ण अभियानों से जुड़ी हमारी क्षमताएं पूरी तरह काम कर रही हैं और देश की सुरक्षा करने की हमारी क्षमता बरकरार है।’’ एजेंसी ने कहा, ‘‘एनएसए का बुनियादी ढांचा इस तरह तैयार किया गया है कि नियमित रखरखाव या अप्रत्याशित घटनाओं के दौरान भी कामकाज जारी रखने के लिए कई स्तरों पर वैकल्पिक व्यवस्थाएं मौजूद रहें।’’ खुफिया एजेंसी ने इस बारे में कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी कि नेटवर्क ठप होने का कारण क्या है या इससे कामकाज किस हद तक प्रभावित हुआ। पिछले एक सप्ताह में सरकारी और निजी क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सेवाओं में साइबर प्रौद्योगिकी से जुड़ी कई समस्याएं सामने आई हैं। इनमें शुक्रवार को एक प्रणाली पर अत्यधिक दबाव पड़ने के कारण अमेरिका में सभी उड़ानों को रोकना, सोमवार को ‘जेपी मॉर्गन चेज’ में तकनीकी समस्या के कारण वित्तीय प्रणाली पर व्यापक असर पड़ना और ‘यूनाइटेड एयरलाइंस’ की आंतरिक प्रणालियां ठप होने से उड़ानों के प्रस्थान में देरी होने की घटनाएं शामिल है।

प्रौद्योगिकी कंपनी ‘एप्पल’ ने भी मंगलवार को अपने ‘सिस्टम स्टेटस’ पेज पर स्वीकार किया कि एक आंतरिक अपडेट के बाद उसकी ‘एप्पल म्यूजिक’, ‘ऐप स्टोर’ और ‘एप्पलकेयर’ सेवाएं पूरी तरह ठप पड़ गई थीं। इनमें से किसी भी घटना के पीछे साइबर हमले या किसी दुर्भावनापूर्ण गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है। अमेरिकी प्रशासन के राष्ट्रीय खुफिया निदेशक जे क्लेटन ने मंगलवार को समाचार चैनल ‘सीएनबीसी’ को दिए एक साक्षात्कार में इन घटनाओं के बारे में कहा, ‘‘यह कोई साइबर हमला नहीं है और न ही किसी देश की ओर से रची गई कोई सुनियोजित साजिश है।’’ उन्होंने कहा कि इन समस्याओं की वजह सरकारी संस्थानों और निजी कंपनियों द्वारा लगभग एक ही समय पर अपनी कंप्यूटर प्रणालियों को उन्नत बनाने के प्रयास हैं और इसी के कारण समय-समय पर तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं।

क्लेटन ने कहा, ‘‘कई लोग अपनी प्रणालियों की खामियां दूर करने के लिए उनमें सुधार कर रहे हैं। वे जानते हैं कि उनकी पुरानी प्रणालियों में सुरक्षा संबंधी खामियां हैं। ये पुरानी पड़ चुकी हैं और नयी प्रणालियों के साथ ठीक से काम नहीं करतीं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अब हमारे पूरे डिजिटल बुनियादी ढांचे को उन्नत बनाने का समय आ गया है।

जब आप अपनी प्रणालियों में सुधार करते हैं या उन्हें उन्नत बनाते हैं, तो उन्हें बंद करके फिर चालू करना पड़ता है। इस प्रक्रिया में ऐसी समस्याएं सामने आती हैं।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़