Vinay Mohan Kwatra ने US अधिकारियों से द्विपक्षीय साझेदारी पर चर्चा की

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अमेरिका में भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने वाशिंगटन स्थित 'इंडिया हाउस' में अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री एस. पॉल कपूर और उनकी टीम की मेजबानी की। इस दौरान दोनों पक्षों ने विभिन्न क्षेत्रों में भारत और अमेरिका के बीच जारी द्विपक्षीय साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की। इस वार्ता में उप सहायक विदेश मंत्री बेथनी पॉलोस मॉरिसन सहित अमेरिकी विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री एस. पॉल कपूर से मुलाकात कर विभिन्न क्षेत्रों में दोनों देशों की द्विपक्षीय साझेदारी पर चर्चा की। कपूर, उप सहायक विदेश मंत्री बेथनी पॉलोस मॉरिसन और अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अन्य अधिकारियों ने बुधवार को यहां क्वात्रा के आधिकारिक आवास पर उनसे मुलाकात की। भारतीय राजदूत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ में कहा, ‘‘सहायक विदेश मंत्री एस. पॉल कपूर और उनकी टीम की ‘इंडिया हाउस’ में मेजबानी करके प्रसन्नता हुई।

हमने भारत-अमेरिका द्विपक्षीय साझेदारी के विभिन्न पहलुओं से जुड़ी प्रगति पर चर्चा की।’’ कपूर ने इस महीने की शुरुआत में भारत का दौरा किया था और ‘ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन’ तथा अमेरिका के ‘नेवल पोस्टग्रेजुएट स्कूल’ की साझेदारी में आयोजित अमेरिका-भारत रणनीतिक संवाद को संबोधित किया था। कपूर ने पांच अगस्त को एक पोस्ट में कहा था, ‘‘नेवल पोस्टग्रेजुएट स्कूल और ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन के अमेरिका-भारत रणनीतिक संवाद के दौरान क्वाड (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद), व्यापार, सुरक्षा और ऊर्जा सहयोग समेत विभिन्न क्षेत्रों में हमारे द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा कर मुझे खुशी हुई। हम मुक्त और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अपने साझा हितों को मिलकर आगे बढ़ा रहे हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़