हिमाचल प्रदेश के ऊना में टेंपो पलटने से 26 लोग घायल

overturn
ANI

पुलिस ने बताया कि घायलों में से ज्यादातर उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रवासी मजदूर हैं जो शुक्रवार सुबह धुसाड़ा से टेंपो में सवार होकर पनोह के खेतों में काम करने गए थे।

हिमाचल प्रदेश के ऊना में एक टेंपो के पलट जाने से उसमें सवार एक बच्चे सहित 26 लोग घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि चालक टेंपो को एक अन्य वाहन से टकराने से बचाने का प्रयास कर रहा था तभी यह हादसा हो गया।

पुलिस ने बताया कि घायलों में से ज्यादातर उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रवासी मजदूर हैं जो शुक्रवार सुबह धुसाड़ा से टेंपो में सवार होकर पनोह के खेतों में काम करने गए थे। उसने बताया कि जब वे वापस लौट रहे थे, तब एक अन्य वाहन से टकराने से बचने की कोशिश में टेंपो चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया जिसके कारण टेंपो पलट गया और 26 लोग घायल हो गए।

मजदूरों का शोर सुनकर स्थानीय लोग उनकी मदद के लिए दौड़े। बाद में मजदूरों को एंबुलेंस से एक अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसे इलाज के लिए पीजीआई (स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान), चंडीगढ़ भेजा गया है। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़