कांग्रेस, बसपा और सपा के 6 विधायक भाजपा में शामिल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बसपा, सपा और कांग्रेस के छह और विधायक आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये, जिसे अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी की ताकत बढ़ने के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा में आज शामिल होने वाले विधायको में तीन कांग्रेस, दो बसपा और एक सपा के हैं।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य की उपस्थिति में कांग्रेस के संजय जायसवाल, विजय दुबे और माधुरी वर्मा, बसपा के राजेश त्रिपाठी और बाला प्रसाद अवस्थी तथा सपा के शेर बहादुर सिंह ने आज अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
गौरतलब है कि हाल ही में बसपा मुखिया मायावती के खिलाफ बगावत करके पार्टी छोड़कर आये विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने तीन दिन पहले दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ले ली थी और बुधवार को यहां पहुंचने पर दो और बसपा विधायक भाजपा में शामिल हुए थे। विधायकों के इस पाला बदल को आम तौर पर हर चुनाव के पहले होने वाले दल बदल के रूप में देखा जा रहा है और बुधवार को ही कांग्रेस के तीन निष्कासित तथा सपा का एक विधायक बसपा में शामिल हो गये थे।
अन्य न्यूज़