छत्तीसगढ़ के सुकमा में एक इनामी नक्सली गिरफ्तार

Army
ANI

अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली की निशानदेही पर किन्दरेलपाड़ और नुलकातोंग गांव के बीच जंगल से विस्फोटक सामग्री, जिलेटीन की 10 रॉड, छह इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, गन पावडर और अन्य सामान बरामद किया गया।

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने एक लाख रुपये के इनामी नक्सली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के कोंटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत उसकावाया और नुलकातोंग गांव के मध्य जंगल में घेराबंदी कर सुरक्षाबलों ने कोंटा एरिया कमेटी के सदस्य मुचाकी मंगा (24) को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि मुचाकी के सिर पर एक लाख रुपये का इनाम है। अधिकारियों ने बताया कि सुकमा जिले में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बृहस्पतिवार को जानकारी मिली कि उसकावाया और नुलकातोंग गांव के मध्य कुछ नक्सली रास्ते में बारूदी सुरंग लगाने के लिए रैकी कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इसके बाद जिला पुलिस बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के संयुक्त दल ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उसकावाया और नुलकातोंग गांव के बीच जंगल में घेराबंदी कर मुचाकी मंगा को गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारियों ने बताया कि नक्सली मुचाकी 2020 से कोंटा एरिया कमेटी में सक्रिय है तथा वह वर्तमान में कोंटा एलओएस का सदस्य है। उन्होंने बताया कि मुचाकी के खिलाफ ग्रामीण की हत्या, सड़क पर बारूदी सुरंग लगाने और अन्य नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है।

अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली की निशानदेही पर किन्दरेलपाड़ और नुलकातोंग गांव के बीच जंगल से विस्फोटक सामग्री, जिलेटीन की 10 रॉड, छह इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, गन पावडर और अन्य सामान बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़