AAP MLA Kuldeep Kumar को अज्ञात जगह ले गई Delhi Police, सौरभ भारद्वाज का दावा

आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि मंगलवार सुबह सादे कपड़ों में आए पुलिसकर्मी पूर्वी दिल्ली से उनके विधायक को किसी अनजान स्थान पर ले गए। उन्होंने बताया कि विधायक ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले सफाई कर्मचारी के परिजनों के लिए मुआवजे की मांग कर रहे थे। आप नेता ने पुलिस पर मृतक के परिवार पर जबरन अंतिम संस्कार कराने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया।
आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस पूर्वी दिल्ली से उसके विधायक कुलदीप कुमार को ‘‘अज्ञात स्थान’’ पर ले गई है। पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस एक मृतक सफाई कर्मचारी के परिवार पर उसका अंतिम संस्कार करने के लिए दबाव बना रही है। इस मामले में दिल्ली पुलिस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
भारद्वाज ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज सुबह चार बजे करीब 20 पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में आए और ‘आप’ विधायक कुलदीप कुमार को उठा ले गए। वह मुआवजे की मांग कर रहे सफाई कर्मचारियों की आवाज उठा रहे थे। उन्होंने मांग की थी कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता परिवार से मुलाकात करें, लेकिन प्रदर्शनकारियों से मिलने के बजाय विधायक कुलदीप कुमार को अज्ञात स्थान पर ले जाया गया।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ‘‘सफाई कर्मचारी का जबरन अंतिम संस्कार करा रही है।’’ भारद्वाज ने कहा कि सफाई कर्मचारी की हत्या के बाद हजारों सफाई कर्मचारी दो दिन से धरने पर बैठे हैं, और सरकार से परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
आप नेता ने आरोप लगाया कि अब पुलिस शव को अस्पताल से जबरन घर ले आई है। सोमवार को दिल्लीभर से आए सैकड़ों सफाई कर्मचारियों और ऑटो-टिपर चालकों ने कल्याणपुरी में ड्यूटी के दौरान सफाई कर्मचारी अनिल की हत्या के विरोध में लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एक करोड़ रुपये का मुआवजा और मृतक के परिवार के एक सदस्य को स्थायी सरकारी नौकरी देने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा था कि वे अंतिम संस्कार के लिए अस्पताल से अनिल का शव नहीं ले जाने देंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक दिल्ली में ऑटो-टिपर सड़कों पर नहीं चलने दिए जाएंगे।
अन्य न्यूज़













