आप ने रेखा गुप्ता को बताया ‘रबर स्टांप मुख्यमंत्री’, भाजपा ने किया पलटवार

rekha gupta
ANI

भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि चर्चा के दौरान परिवार के सदस्यों का मौजूद रहना कोई असामान्य या गैरकानूनी बात नहीं है।

आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को ‘‘रबर स्टांप सीएम’’ करार देते हुए आरोप लगाया कि उनके पति आधिकारिक बैठकों में भाग ले रहे हैं। इस पर, भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कार्यकाल के दौरान सरकारी अधिकारी उनकी पत्नी सुनीता को ‘‘मैडम सीएम’’ कहते थे।

विवाद शनिवार को शुरू हुआ, जब नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने दिल्ली नगर निगम, दिल्ली जल बोर्ड, लोक निर्माण विभाग और डीयूएसआईबी (दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड) के वरिष्ठ अधिकारियों की एक आधिकारिक बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता की मौजूदगी का आरोप लगाया।

रविवार को आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने हमला जारी रखते हुए दावा किया कि रेखा गुप्ता ‘रबर स्टांप सीएम’ हैं और भाजपा के इस फैसले को ‘‘लोकतंत्र का मजाक’’ करार दिया।

भारद्वाज ने कहा, ‘‘केवल वही व्यक्ति निर्देश जारी कर सकता है जिसने संवैधानिक शपथ ली हो। उनके (रेखा गुप्ता) पति किस पद पर हैं?’’ भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि चर्चा के दौरान परिवार के सदस्यों का मौजूद रहना कोई असामान्य या गैरकानूनी बात नहीं है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़