राहुल के खिलाफ कार्रवाई भाजपा की उल्टी गिनती शुरू होने की तरफ कर रही इशारा: नाना पटोले

Nana Patole
प्रतिरूप फोटो
Prabhasakshi

कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा कि गांधी परिवार को राजनीतिक रूप से खत्म करने के मकसद से यह कार्रवाई की जा रही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी इस तरह के हथकंडों से डरती नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दिल्ली पुलिस से हाथ मिलाते हुए कांग्रेस नेताओं को उनके घरों पर बंदी बना कर अत्याचार किए हैं।

मुंबई। कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी से लगातार प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी ) ने बुधवार को भी पूछताछ की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने इस पर निशाना साधते हुए कहा है कि राहुल गांधी के खिलाफ की गई कार्रवाई इशारा करती है कि भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि ईडी की यह जांच केंद्र सरकार के इशारे पर की जा रही है। 

इसे भी पढ़ें: विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है सरकार, सत्य राहुल गांधी और कांग्रेस के साथ: पायलट

पटोले ने कहा कि गांधी परिवार को राजनीतिक रूप से खत्म करने के मकसद से यह कार्रवाई की जा रही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी इस तरह के हथकंडों से डरती नहीं है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने दिल्ली पुलिस से हाथ मिलाते हुए वहां के कांग्रेस नेताओं, सांसदों और पदाधिकारियों को उनके घरों पर बंदी बना कर अत्याचार किए हैं। कांग्रेस पार्टी जिस तरह ब्रिटिश सत्ता के अत्याचारों के सामने झुकी नहीं थी, उसी तरह हम केंद्र की मोदी सरकार के सामने झुकने वाले नहीं हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने गांधी भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। इस मौके पर कांग्रेस विधायक दल के नेता एवं राजस्व मंत्री बालासाहेब थोरात, लोक निर्माण मंत्री अशोक चव्हाण, स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़, चिकित्सा शिक्षा मंत्री अमित देशमुख, राहत एवं पुनर्वास मंत्री विजय वडेट्टीवार, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष चंद्रकांत हंडोरे, नसीम खान, विधायक कुणाल पाटिल, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष संध्याताई सावलाखे, प्रदेश महासचिव देवानंद पवार, प्रवक्ता निजामुद्दीन राईन समेत कई नेता उपस्थित थे। पत्रकारों से बात करते हुए नाना पटोले ने आगे कहा कि देश में हालात बेहद भयावह हैं। दिल्ली के सत्याग्रह प्रदर्शन में भाग लेने आए कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों और सांसदों पर बीजेपी सरकार हमला कर रही है। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में घुसकर नेताओं की पिटाई भी की गई है। केंद्र की मोदी सरकार ब्रिटिश सरकार से भी ज्यादा जुल्म कर रही है लेकिन कांग्रेस पार्टी ने जिस तरह मजबूती से लड़ते हुए ब्रिटिश सरकार से नहीं डरी थी और उन्हें देश छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया था। उसी तरह हम मोदी सरकार के खिलाफ लड़ेंगे और जीतेंगे।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी अपनी जान की परवाह किए बिना केंद्र सरकार के खिलाफ लगातार जनता से जुड़े सवाल पूछ रहे हैं लेकिन केंद्र सरकार और बीजेपी के पास इन सवालों का कोई जवाब नहीं है। राहुल गांधी की आवाज दबाने के लिए ईडी की कार्रवाई की जा रही है। पटोले ने कहा कि केंद्र सरकार के इस अत्याचार के खिलाफ महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस गुरुवार 16 जून को राजभवन के सामने आंदोलन करेगी। वहीं 17 जून को राज्य के सभी जिलों में आंदोलन कर भाजपा सरकार का तीव्र विरोध किया जाएगा। एक पत्रकार के सवाल के जवाब में कैबिनेट मंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि राजभवन में आंदोलन का मकसद राज्यपाल के माध्यम से लोगों की भावना केंद्र सरकार तक पहुंचाना है । 

इसे भी पढ़ें: ‘अग्निपथ’ पर राहुल गांधी ने कहा- सेना की गरिमा और पराक्रम से समझौता करना बंद करे सरकार 

उन्होंने कहा कि देश इस समय आपातकाल से भी बदतर स्थिति में है। केंद्र सरकार ने सारी हदें पार कर दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में घुसकर कांग्रेस नेताओं और पत्रकारों की पिटाई की है। धारा 144 लगा दी गई है। अदालत को इस कार्रवाई पर ध्यान देना चाहिए कि किसी भी कार्यालय में धारा 144 कैसे लागू की जा सकती है। कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोरात ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार राहुल गांधी से डरी हुई है। राहुल गांधी ने लगातार केंद्र की अर्थव्यवस्था, कोरोना, बेरोजगारी, जनविरोधी नीतियों की आलोचना की है और सवाल पूछे हैं। उनके किसी भी सवाल का जवाब नरेंद्र मोदी या उनके मंत्रियों ने नहीं दिया।

उन्होंने कहा कि देश की जनता और सभी कांग्रेसी नेता राहुल गांधी के साथ हैं। उनके नेतृत्व में हम भाजपा की तानाशाही के खिलाफ लड़ेंगे और उन्हें झुकने के लिए मजबूर करेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद नाना पटोले के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने मोदी सरकार के विरोध में रीगल सिनेमा के पास सड़कों पर उतर आए। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के मंत्री, विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस अपना आंदोलन जारी रखेगी और गुरुवार को राजभवन और शुक्रवार को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर आंदोलन करेगी।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़