Drishyam 3: Mohanlal ने की Ajay Devgn की फिल्म की तारीफ, टीम को दी बधाई

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मोहनलाल ने अजय देवगन की मुख्य भूमिका वाली फिल्म दृश्यम द कन्क्लूजन की जमकर प्रशंसा की है। निर्माण कंपनी द्वारा साझा किए गए वीडियो में उन्होंने निर्देशक अभिषेक पाठक और पूरी टीम के काम को शानदार बताया। दो अक्टूबर को रिलीज हुई यह फिल्म दुनियाभर में 500 करोड़ रुपये की कमाई की ओर बढ़ रही है।

अभिनेता मोहनलाल ने अजय देवगन अभिनीत फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ की सराहना की और फिल्म की सफलता के लिए इसके कलाकारों और निर्माण टीम को बधाई दी। इस फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है और यह ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी व आखिरी फिल्म है। यह फिल्म दो अक्टूबर को रिलीज हुई थी और दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने की ओर बढ़ रही है।

निर्माण कंपनी ने सोमवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मोहनलाल का एक वीडियो साझा किया, जिसमें अभिनेता फिल्म की सराहना करते नजर आए। उन्होंने वीडियो में कहा, “मैंने यह फिल्म देखी है और मैं इस बात से प्रभावित हूं कि उन्होंने इस बेहद पसंद की जाने वाली कहानी का समापन किस तरह किया है। अभिषेक पाठक, अजय देवगन और कलाकारों एवं निर्माण टीम को बधाई... बहुत शानदार काम किया है।” वीडियो के साथ दिए गए संदेश में निर्माण टीम की ओर से लिखा गया था, “आपकी सराहना के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद, मोहनलाल सर।” इस फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर की भूमिका में नजर आए हैं।

देवगन के अलावा, तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव भी इस फिल्म में अपनी पुरानी भूमिकाओं में लौटे हैं। वहीं, जयदीप अहलावत इस फ्रेंचाइजी से राजवीर सिंह तोमर के रूप में जुड़े हैं, जो मामले की जांच कर रहे अपराध शाखा के अधिकारी हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़