‘भ्रष्टाचार’ को लेकर आदित्यनाथ ने शिवसेना पर साधा निशाना

शिवसेना पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि मतदाताओं को ‘‘भ्रष्ट आचरण में शामिल लोगों से’’ मुंबई नगर निकाय को बचाना चाहिए।
मुंबई। शिवसेना पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि मतदाताओं को ‘‘भ्रष्ट आचरण में शामिल लोगों से’’ मुंबई नगर निकाय को बचाना चाहिए। रविवार को यहां एक रैली को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से भाजपा सांसद ने कहा, ‘‘जो लोग पूर्वी उत्तर प्रदेश के मेहनतकश लोगों पर हमला करते थे, अब उन्होंने सुर बदल लिए हैं और अब वो (शिव सेना) कह रहे हैं कि वो उनके रक्षक हैं। लोगों को ये याद रखना चाहिए कि भाजपा के शासन में किसी ने निर्दोष लोगों पर हमला नहीं किया।’’
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के 227 सदस्यों के लिए 21 फरवरी को चुनाव होना है। भाजपा और शिवसेना इन चुनावों में अलग-अलग लड़ रहे हैं। पिछले दो दशकों से नगर निकाय पर नियंत्रण कर रही शिवसेना पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘मतदाताओं को विभिन्न तरह के भ्रष्टाचार में शामिल लोगों से बीएमसी को बचाना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लोगों को भाजपा के लिए मतदान करना चाहिए जो जनता का पैसा विकास कार्यों में इस्तेमाल करती है।’’
अन्य न्यूज़