Agra में सपा सांसद के आवास के पास लगेगी Rana Sanga की 12 फुट ऊंची प्रतिमा

आगरा में एमजी रोड स्थित चौराहे का नाम बदलकर राणा सांगा चौक करते हुए वहां प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि पूजन किया गया। करीब 38 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह प्रतिमा एक महीने के भीतर स्थापित की जाएगी।
आगरा में समाजवादी पार्टी (सपा) के राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन के आवास के पास चौराहे पर राजपूत शासक राणा सांगा की 12 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। मंगलवार को यहां प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि पूजन किया गया और इसके साथ ही एमजी रोड स्थित इस चौराहे का नाम बदलकर ‘राणा सांगा चौक’ कर दिया गया है। यह घटनाक्रम इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि प्रस्तावित प्रतिमा स्थल सुमन के आवास के नजदीक है।
सुमन ने राज्यसभा में अपने एक बयान में राणा सांगा को ‘गद्दार’ बताते हुए आरोप लगाया था कि उन्होंने इब्राहिम लोदी को हराने के लिए बाबर को भारत बुलाया था। उनके इस बयान पर विभिन्न संगठनों और राजनीतिक नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई थी। अधिकारियों के मुताबिक प्रतिमा की स्थापना पर करीब 38 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है और इसे लगभग एक महीने के भीतर स्थापित कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रतिमा का निर्माण लखनऊ में कराया जा रहा है और मंगलवार को महापौर हेमलता दिवाकर ने निर्धारित स्थल पर भूमि पूजन किया। आगरा नगर निगम ने करीब एक वर्ष पहले इस स्थान पर राणा सांगा की प्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। फिलहाल यह चौराहा ‘स्पीड कलर लैब चौराहे’ के नाम से जाना जाता है।
भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि भारत के महान योद्धा की प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि पूजन किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी जनप्रतिनिधि या अन्य व्यक्ति को महापुरुषों के खिलाफ टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।’’ संग्राम सिंह-प्रथम के नाम से भी पहचाने जाने वाले राणा सांगा ने 1508 से 1528 तक मेवाड़ पर शासन किया था और उन्हें उनके सैन्य अभियानों एवं मुगल सेनाओं के खिलाफ लड़ी गई लड़ाइयों के लिए याद किया जाता है। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रतिमा स्थापना और चौराहे का नामकरण क्षेत्र को एक नई ऐतिहासिक पहचान देगा।
अन्य न्यूज़













