AIIMS Delhi में 25 हफ्ते के भ्रूण की देश में पहली Open Fetal Surgery सफल

AIIMS Delhi में 25 हफ्ते के भ्रूण की देश में पहली Open Fetal Surgery सफल
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के डॉक्टरों ने 12 नवंबर को छह घंटे की जटिल प्रक्रिया में गर्भस्थ शिशु की रीढ़ से जुड़ी गंभीर विकृति को ठीक किया। तीस से अधिक चिकित्सकों और नर्सों की टीम ने न्यूरोसाइंसेज सेंटर में अत्याधुनिक माइक्रोस्कोपी की मदद से यह उपचार पूरा किया। सरकारी योजना जेएसएसके के तहत यह ऑपरेशन पूरी तरह नि:शुल्क किया गया।

राष्ट्रीय राजधानी स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने भारत में पहली बार 25 सप्ताह के गर्भस्थ शिशु की रीढ़ की गंभीर विकृति को ठीक करने के लिए सफलतापूर्वक ‘ओपन फीटल’ सर्जरी की है। इस सर्जरी का उद्देश्य विकसित हो रही रीढ़ की हड्डी को और नुकसान पहुंचने से रोकना है। संस्थान ने शनिवार को यह जानकारी दी।

एम्स ने बताया कि 12 नवंबर को की गई छह घंटे की इस सर्जरी में गर्भ में पल रहे शिशु की ‘लुंबोसैक्रल मायलोमेनिंगोसील’ नामक विकृति को ठीक किया गया। यह ‘स्पाइना बिफिडा’ का सबसे गंभीर रूप है। अस्पताल के अनुसार, इस सर्जरी से पहले पांच सप्ताह से अधिक समय तक विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञों ने इसकी योजना बनाई।

इस दौरान भ्रूण की विस्तृत इमेजिंग, परामर्श, एनेस्थीसिया की तैयारी और सर्जरी का अभ्यास किया गया। इस सर्जरी में न्यूरोसर्जरी विभाग की अगुवाई डॉ. दीपक गुप्ता ने की, जबकि मातृ-भ्रूण चिकित्सा और प्रसूति विभाग की टीमों का नेतृत्व डॉ. नीना मल्होत्रा और डॉ. के. अपर्णा शर्मा ने किया। इस प्रक्रिया में प्रसूति एवं स्त्री रोग, मातृ-भ्रूण चिकित्सा, न्यूरोसर्जरी, प्रसूति एवं न्यूरो एनेस्थीसिया, प्लास्टिक सर्जरी, रेडियोडायग्नोसिस और नवजात चिकित्सा विभागों के 30 से अधिक चिकित्सकों और नर्सों ने हिस्सा लिया।

यह जटिल सर्जरी न्यूरोसाइंसेज सेंटर में अत्याधुनिक माइक्रोस्कोपी और लगातार अल्ट्रासोनोग्राफी की सहायता से की गई। भारतीय बाल न्यूरोसर्जरी सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. गुप्ता ने कहा, ‘‘इससे भारत में भ्रूण की चिकित्सा और बाल न्यूरोसर्जरी के क्षेत्र में एक नयी महत्वपूर्ण क्षमता विकसित हुई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सावधानीपूर्वक चुने गए मामलों में गर्भावस्था के दौरान सर्जरी का उद्देश्य खुले तंत्रिका ऊतकों को लगातार हो रहे नुकसान को सीमित करना, हाइड्रोसेफलस (मस्तिष्क में पानी भरने की स्थिति) के इलाज के लिए बाद में मस्तिष्कमेरु द्रव को स्थानांतरित करने की बाद की आवश्यकता को कम करना और कुछ चुनिंदा तंत्रिका संबंधी परिणामों में सुधार करना है। यह बीमारी का पूर्ण इलाज नहीं है और लंबे समय तक विभिन्न विशेषज्ञों की देखरेख जरूरी रहती है।

मायलोमेनिंगोसील तंत्रिका नलिका का एक जन्मजात दोष है, जिसमें रीढ़ की हड्डी और उसे ढकने वाली झिल्लियां रीढ़ में मौजूद एक छेद से बाहर निकल आती हैं। इस स्थिति से प्रभावित बच्चों में लकवा, हाइड्रोसेफलस और जीवनभर रहने वाली अन्य तंत्रिका संबंधी दिव्यांगताएं विकसित हो सकती हैं। अंतरराष्ट्रीय शोध सावधानीपूर्वक चुने गए मामलों में गर्भावस्था के दौरान इस विकृति की सर्जरी का समर्थन करते हैं।

मैनेजमेंट ऑफ मायलोमेनिंगोसील (एमओएमएस) परीक्षण में पाया गया कि गर्भावस्था के दौरान सर्जरी कराने वाले 40 प्रतिशत बच्चों को 12 महीने की उम्र तक मस्तिष्कमेरु द्रव निकालने के लिए शंट लगाने की जरूरत पड़ी, जबकि जन्म के बाद सर्जरी कराने वाले बच्चों में यह आंकड़ा 82 प्रतिशत था। अध्ययन में यह भी पाया गया कि गर्भावस्था के दौरान सर्जरी कराने से बच्चों की शारीरिक गतिविधियों से जुड़े परिणामों में सुधार हुआ और चियारी-2 हिंडब्रेन हर्नियेशन का खतरा कम हुआ। हालांकि, भ्रूण की सर्जरी में समय से पहले प्रसव और गर्भाशय पर बने निशान से जुड़ी जटिलताओं सहित कई गंभीर जोखिम होते हैं।

इसलिए यह प्रक्रिया केवल विशेष चिकित्सा केंद्रों में और सावधानीपूर्वक चुनी गई गर्भावस्थाओं में ही करने की सलाह दी जाती है। डॉ. शर्मा ने कहा, ‘‘मां और भ्रूण दोनों की सुरक्षा विस्तृत परामर्श, उच्च गुणवत्ता वाले एनेस्थीसिया और सर्जरी से पहले तथा बाद में समन्वित निगरानी पर निर्भर करती है। अस्पताल ने बताया कि गर्भावस्था के बाकी समय, प्रसव और नवजात अवस्था के दौरान मां और शिशु की विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञों की टीमों द्वारा करीबी निगरानी की जाएगी।

एम्स ने बताया कि यह सर्जरी सरकार के जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (जेएसएसके) के तहत नि:शुल्क की गई।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़