UP चुनाव: सपा और सुभासपा साथ-साथ, अखिलेश से मुलाकात के बाद बोले राजभर- अबकी बार, भाजपा साफ

Akhilesh and Rajbhar
अंकित सिंह । Oct 20 2021 5:36PM

ओम प्रकाश राजभर ने अपने ट्वीट में कहा कि अबकी बार, भाजपा साफ़! समाजवादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी मिलकर आए साथ। दलितों, पिछड़ों अल्पसंख्यकों के साथ सभी वर्गों को धोखा देने वाली भाजपा सरकार के दिन हैं बचे चार।

आगामी उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के बीच गठबंधन हो गया है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के मुलाकात के बाद गठबंधन पर मुहर लगी। गठबंधन के बाद सपा की ओर से ट्वीट कर कहा गया कि वंचितों, शोषितों, पिछड़ों, दलितों, महिलाओं, किसानों, नौजवानों, हर कमजोर वर्ग की लड़ाई समाजवादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी मिलकर लड़ेंगे। सपा और सुभासपा आए साथ, यूपी में भाजपा साफ!

वहीं, ओम प्रकाश राजभर ने अपने ट्वीट में कहा कि अबकी बार, भाजपा साफ़! समाजवादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी मिलकर आए साथ। दलितों, पिछड़ों अल्पसंख्यकों के साथ सभी वर्गों को धोखा देने वाली भाजपा सरकार के दिन हैं बचे चार। हालांकि ओम प्रकाश राजभर ने पहले कहा था कि उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के हलदरपुर में 27 अक्टूबर को महापंचायत बुलाई गई है, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव के लिये गठबंधन संबंधी घोषणा की जायेगी। योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे राजभर ने 2019 में लोकसभा चुनाव से पहले इस्तीफा दे दिया था।

इसे भी पढ़ें: लखीमपुर खीरी मामले में कोर्ट ने यूपी सरकार से कहा- हमें लगता है कि आप इस मामले में धीरे काम कर रहे हैं

लेकिन उससे पहले ही गठबंधन पर सपा के साथ बात बन गई है। इससे पहले कई दलों को मिला कर यह मोर्चा बनाया गया था जिसका नेतृत्व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी कर रही थी। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने घोषणा की थी कि उनकी पार्टी राजभर के नेतृत्व वाले एसबीएसपी और उसके भागीदारी संकल्प मोर्चा के साथ गठजोड़ करके अगले साल राज्य विधानसभा चुनाव में 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हालांकि इस गठबंधन का अब क्या होगा इस पर अभी कुछ कहा नहीं गया है।  

All the updates here:

अन्य न्यूज़