Akhilesh Yadav ने Varanasi में जलभराव पर साधा निशाना, कहा विदेशी पर्यटकों के सामने विकास पानी-पानी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वाराणसी में बाढ़ और जलभराव की स्थिति को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि विदेशी पर्यटकों के सामने शहर की बदइंतजामी उजागर हो गई है।

(फाइल फोटो के साथ) लखनऊ, 12 सितंबर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि काशी में विदेशी पर्यटकों के सामने ‘विकास’ पानी-पानी हो गया। सपा प्रमुख यादव ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर व्यंग्यात्मक अंदाज में पोस्ट किया, ‘‘काशी में विदेशी पर्यटकों के सामने पानी-पानी हुआ देश की ‘प्रधान नगरी’ का जलमग्न विकास!’’ उन्होंने वाराणसी में बाढ़ से उपजी बदइंतजामी के लिए परोक्ष रूप से राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा, ‘‘जब तक ‘प्रधान नगरी’ काशी को जलमग्न ‘मुख्य नगरी’ गोरखपुर जैसा नहीं बना देंगे, तब तक लखनऊ वाले मानेंगे नहीं।’’ यादव ने अपने पोस्ट में कहा, ‘‘दरअसल अब आपस का झगड़ा अंतरराष्ट्रीय हो गया है। बात दिल्ली बनाम लखनऊ से ऊपर उठकर ‘क्योटो बनाम स्पेन’ की हो गई है।’’ काशी (वाराणसी) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है, जिसका वह तीसरी बार प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

अगस्त 2018 में भारत और जापान के बीच पहला समझौता हुआ, जिसके तहत काशी को जापान के शहर क्योटो की तर्ज पर विकसित किए जाने की बात कही गई थी। वहीं, गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जनपद है और वह वहां की प्रसिद्ध गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर भी हैं। हाल में भाजपा सांसद रविकिशन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आयोजित एक कार्यक्रम में गोरखपुर के विकास की तारीफ करते हुए शहर की तुलना स्पेन से की थी।

सपा प्रमुख ने इस पोस्ट के साथ एक चैनल की खबर का 28 सेकंड का वीडियो भी साझा किया, जिसमें काशी में विदेशी पर्यटक गंदे पानी से गुजरते हुए दिख रहे हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़