Uttar Pradesh की दर्जनभर सीटों पर प्रत्याशी उतारने को लेकर सभी दल दुविधा में

Lok Sabha Elections 2024
Prabhasakshi
संजय सक्सेना । Apr 20 2024 3:10PM

समाजवादी पार्टी 80 में से 62 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। 17 सीटों पर कांग्रेस व एक सीट पर तृणमूल कांग्रेस चुनाव लड़ रही है। इनमें से 57 सीटों पर सपा अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। उसे कन्नौज, फतेहपुर, कैसरगंज, बलिया व राबर्ट्सगंज में प्रत्याशी घोषित करने हैं।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार चरम पर है। प्रथम चरण में आठ सीटों पर मतदान हो चुका है, लेकिन अभी तक कई सीटों पर पेंच फंसा हुआ है। भाजपा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सभी दल करीब एक दर्जन सीटों पर प्रत्याशी उतारने को लेकर दुविधा में नजर आ रहे हैं। बसपा का तो इससे भी बुरा हाल है। भाजपा ने अभी तक जहां रायबरेली व कैसरगंज सीट पर उम्मीदवार के नाम के पत्ते नहीं खोले हैं वहीं समाजवादी पार्टी भी कन्नौज सहित पांच सीटों पर प्रत्याशी तय नहीं कर पाये हैं। राज्य की 80 सीटों में से 17 पर चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस भी अब तक रायबरेली व अमेठी सीट पर किसी प्रत्याशी को नहीं उतार सकी है।

समाजवादी पार्टी 80 में से 62 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। 17 सीटों पर कांग्रेस व एक सीट पर तृणमूल कांग्रेस चुनाव लड़ रही है। इनमें से 57 सीटों पर सपा अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। उसे कन्नौज, फतेहपुर, कैसरगंज, बलिया व राबर्ट्सगंज में प्रत्याशी घोषित करने हैं। कन्नौज में अखिलेश यादव या फिर तेज प्रताप यादव में से कोई एक प्रत्याशी हो सकते हैं। फतेहपुर में प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल या पूर्व सांसद डा. अशोक पटेल का नाम चल रहा है। बलिया में उपेंद्र तिवारी या फिर अतुल राय में से किसी एक को टिकट मिलने की उम्मीद है। सपा कैसरगंज में भाजपा के टिकट का इंतजार कर रही है, यदि भाजपा से बृजभूषण शरण सिंह का टिकट कटता है तो सपा उन्हें टिकट दे सकती है। राबर्ट्सगंज सुरक्षित सीट पर सपा कोल उम्मीदवार को उतार सकती है। भाजपा ने अभी तक रायबरेली व कैसरगंज से प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं।

इसे भी पढ़ें: Lok sabha Election: 26 अप्रैल के बाद अमेठी-रायबरेली के 'पत्ते' खोलेगी कांग्रेस

उधर, रायबरेली में कांग्रेस के प्रत्याशी के इंतजार में भाजपा ने पत्ते नहीं खोले हैं। महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न मामले में कैसरगंज के भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह का मामला न्यायालय में चल रहा है, इसमें 26 अप्रैल को निर्णय आना है। इस कारण भाजपा ने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। वहीं कांग्रेस ने भी अभी तक अपनी परंपरागत सीट अमेठी व रायबरेली पर उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं। प्रदेश संगठन ने अमेठी से राहुल गांधी व रायबरेली सीट से प्रियंका वाड्रा का नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजा है। राहुल केरल की वायनाड सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़