Aman Arora का दावा: Punjab में पराली जलाने के मामले 95 फीसदी घटे

आम आदमी पार्टी के नेता अमन अरोड़ा ने कहा कि भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के आंकड़ों के अनुसार पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं 2020 की तुलना में लगभग 95 प्रतिशत कम हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के पीएम 2.5 प्रदूषण में पराली के धुएं का हिस्सा मात्र पांच प्रतिशत है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा से दिल्ली प्रदूषण के वास्तविक कारणों पर ध्यान देने और किसानों से माफी मांगने की मांग की।
आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनौती दी कि वह बताए कि पंजाब में पराली जलने से उठने वाला धुआं दिल्ली तक कैसे पहुंच सकता है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में इस साल पराली जलाने की घटनाओं में करीब 95 प्रतिशत की कमी आई है। अरोड़ा ने कहा कि सोमवार को दिल्ली में पीएम2.5 प्रदूषण में पराली के धुएं का योगदान केवल पांच प्रतिशत था।
आप नेता ने दिल्ली में प्रदूषण के वास्तविक स्रोतों पर ध्यान देने के बजाय पंजाब के किसानों को बदनाम करने के लिए भाजपा से बिना शर्त माफी मांगने की अपील की। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान की प्रयोगशाला (सीआरईएएमएस) के आंकड़ों का हवाला देते हुए अरोड़ा ने कहा कि पंजाब में पराली जलाने की 2020 में 83,002 घटनाएं दर्ज की गई थीं, जो 2025 में घटकर 5,114 रह गईं। उन्होंने कहा कि इस सीजन में अब तक पराली जलाने की 4,657 घटनाएं दर्ज की गई हैं, जो 2020 की तुलना में करीब 95 प्रतिशत कम हैं।
अरोड़ा ने कहा, यह उल्लेखनीय कमी इसलिए आई है क्योंकि पंजाब के किसानों ने पूरे मन से सहयोग किया है और मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार ने उन्हें व्यावहारिक विकल्प तथा जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए हैं।
अन्य न्यूज़














