RERA बकाये पर Ansal Group के तीन निदेशक ग्रेटर नोएडा में गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में 77.66 करोड़ रुपये का बकाया न चुकाने पर अंसल समूह के तीन निदेशकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दादरी प्रशासन ने श्रीराम, मोहम्मद अलीम और तसलीम सिद्दीकी को पर्याप्त जमानत न देने पर 15 दिन की हिरासत में भेजा है।
उत्तर प्रदेश में अंसल समूह से जुड़े तीन निदेशकों को रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (रेरा) का 77.66 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया नहीं चुकाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक अदालत ने उन्हें अधिकतम 15 दिन तक हिरासत में रखने का आदेश दिया है। गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
जिला प्रशासन की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता, 2006 के तहत निदेशकों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने 11 नवंबर को यह कार्रवाई की। दादरी के उप जिलाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी-रेरा) द्वारा जारी वसूली प्रमाणपत्रों के तहत अंसल हाई-टेक टाउनशिप लिमिटेड और उत्तम स्टील्स एसोसिएट्स लिमिटेड पर 77,66,80,434 रुपये (77.66 करोड़ रुपये) के अलावा ब्याज की राशि भू-राजस्व के रूप में बकाया थी। बयान के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए तीन निदेशकों की पहचान श्रीराम, मोहम्मद अलीम और तसलीम सिद्दीकी के रूप में हुई है।
कुमार ने कहा, ‘‘गिरफ्तारी के बाद उन्हें उप जिलाधिकारी के समक्ष पेश किया गया और अपना पक्ष रखने तथा बकाया राशि जमा करने या पर्याप्त जमानत देने का अवसर दिया गया।’’ उन्होंने बताया कि हालांकि, निदेशकों ने न तो बकाया राशि जमा की और न ही पर्याप्त जमानत दी। इसके बाद उप जिलाधिकारी ने बकाया राशि की वसूली के लिए उन्हें अधिकतम 15 दिन तक हिरासत में रखने का आदेश दिया। बयान के अनुसार, अंसल समूह के तीनों निदेशकों को कानून के मुताबिक हिरासत में लेने के लिए जिला कारागार के अधीक्षक को भी आदेश भेज दिया गया है।
कुमार ने कहा, ‘‘लंबे समय से बकाया राशि का भुगतान नहीं करने वाले बिल्डरों और अन्य बकाएदारों के खिलाफ बैंक खातों तथा चल-अचल संपत्तियों को कुर्क करने, उनकी नीलामी और गिरफ्तारी सहित कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’
अन्य न्यूज़













