गायिका Pushpavathy के कार्यक्रम को अनुमति न देने पर Thiruvananthapuram में कलाकारों का प्रदर्शन

गायिका Pushpavathy के कार्यक्रम को अनुमति न देने पर Thiruvananthapuram में कलाकारों का प्रदर्शन
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

तिरुवनंतपुरम में मानवीयम वीधि पर गायिका पुष्पावती पोयपदाथु के संगीत कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने के विरोध में कलाकारों ने नगर निगम सचिव के दफ्तर में घुसकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने महापौर वी वी राजेश के इस्तीफे की मांग की और उन पर सांस्कृतिक सड़क तक पहुंच सीमित करने का आरोप लगाया। बाद में पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कलाकारों को परिसर से बाहर निकाल दिया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित तिरुवनंतपुरम नगर निगम द्वारा पार्श्व गायिका पुष्पावती पोयपदाथु को यहां के ‘मानवीयम वीधि’ में कार्यक्रम की अनुमति नहीं दिए जाने के नगर निगम के फैसले के विरोध में कलाकारों और सांस्कृतिक कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लेकर नगर निगम सचिव के कार्यालय में घुस गए, नारे लगाए और उनकी मांग पूरी होने तक सचिव को कार्यालय से बाहर जाने से रोक दिया। सचिव के कार्यालय में घुसे प्रदर्शनकारियों के हाथों में जो तख्तियां थीं उन पर लिखा था - ‘महापौर महोदय, इससे आपका कोई लेना-देना नहीं है’ और ‘आपने अनुमति नहीं दी कोई बात नहीं, हम प्रदर्शन करेंगे’।

उन्होंने कार्यक्रम की अनुमति नहीं दिए जाने को लेकर महापौर वी वी राजेश के इस्तीफे की भी मांग की। प्रदर्शनकारियों ने उन पर मानवीयम वीधि तक लोगों की पहुंच प्रतिबंधित लगाने का भी आरोप लगाया। मानवीयम वीधि संग्रहालय-वेल्लयम्बलम मार्ग से अल्थारा जंक्शन तक करीब 180 मीटर लंबी सड़क है।

यह सड़क वहां प्रदर्शित कई कलाकृतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए प्रसिद्ध है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सचिव के कार्यालय से बाहर निकाल दिया, जिसके बाद उन्होंने नगर निगम की सीढ़ियों पर प्रदर्शन किया लेकिन वहां से भी उन्हें जबरन हटा दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने पत्रकारों को बताया कि उन्होंने कार्यक्रम के लिए काफी पहले अनुमति मांगी थी, लेकिन उन्हें अनुमति नहीं दी गई।

एक प्रदर्शनकारी ने पत्रकारों को बताया कि सचिव से शांतिपूर्वक बातचीत कर रहे प्रदर्शनकारी कलाकारों को पुलिस ने बेरहमी से नगर निगम से बाहर निकाल दिया। एक अन्य कलाकार ने दावा किया कि सचिव ने कहा था कि ‘‘अनुमति दी जा सकती थी’’, लेकिन महापौर ने इससे इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें हमें बताना चाहिए कि अनुमति क्यों नहीं दी गई।’’ राज्य के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री पी. सी. विष्णुनाथ ने शनिवार को नगर निगम से आग्रह किया कि वह मानवीयम वीधि में गायिका पुष्पावती के संगीत कार्यक्रम को अनुमति नहीं देने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करे।

यह कार्यक्रम मानवीयम वीधि की रजत जयंती समारोह के तहत शनिवार को आयोजित किया जाना था। महापौर राजेश ने कहा कि उन्होंने गायिका पुष्पावती का नाम पहले नहीं सुना, जिनके प्रस्तावित संगीत कार्यक्रम को नगर निगम ने अनुमति देने से इनकार किया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़