Arvind Kejriwal ने गोवा के लिए 6 गारंटी का किया ऐलान, 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 2027 गोवा विधानसभा चुनाव जीतने पर जनता को छह प्रमुख गारंटियां देने का ऐलान किया। पणजी में एक सभा के दौरान उन्होंने महिलाओं को प्रतिमाह 3000 रुपये की आर्थिक सहायता और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने का भरोसा दिलाया। साथ ही टीसीपी अधिनियम की धारा 39-ए को रद्द करने और हर गांव में खेल मैदान बनाने की बात कही।

पणजी, नौ अक्टूबर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा चुनाव 2027 में जीतने पर मुफ्त बिजली, महिलाओं को हर माह तीन हजार रुपये देने समेत गोवा के लिए छह गारंटी की शुक्रवार को घोषणा की। पणजी में एक सभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी) अधिनियम की धारा 39-ए को समाप्त करने का भी वादा किया। इस धारा के कथित दुरुपयोग और भूमि के इस्तेमाल में बदलाव को लेकर आलोचना होती रही है।

उन्होंने महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता के साथ मुफ्त बस यात्रा और प्रत्येक गांव में एक खेल मैदान बनाने की घोषणा की। आप नेता ने राज्य के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर देने के साथ ही 300 यूनिट मुफ्त बिजली और चौबीसों घंटे बिजली आपूर्ति का आश्वासन दिया। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आप राज्य में अपना जनाधार बढ़ाने की कोशिश कर रही है।

पार्टी ने 2027 के चुनाव के लिए गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के साथ ‘गोवा फर्स्ट’ गठबंधन की घोषणा की है, जिसे भाजपा और कांग्रेस से इतर राजनीतिक विकल्प के रूप में पेश किया गया है। केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं और अन्य संबंधित लोगों के साथ बैठकें की थीं और विधानसभा चुनावों के लिए संगठन की तैयारियों पर चर्चा की थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़