कृषि से जुड़े तीन विधेयकों को केजरीवाल ने बताया किसान विरोधी, कहा- पार्टी इनके विरोध में करेगी मतदान

Arvind Kejriwal

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि खेती और किसानों से संबंधित तीन विधेयक संसद में लाए गए हैं जो किसान विरोधी हैं। देश भर में किसान इनका विरोध कर रहे हैं।

नयी दिल्ली। कृषि से संबंधित तीन विधेयकों को आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ‘‘किसान-विरोधी’’ बताते हुए बृहस्पतिवार को केंद्र से इन्हें वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि संसद में आप इन विधेयकों के खिलाफ मतदान करेगी। राज्यसभा में आप के तीन सांसद और लोकसभा में एक सांसद है। 

इसे भी पढ़ें: मोदी सरकार का कृषि अध्यादेश, क्यों हो रहा है विरोध और सरकार की क्या है दलील, विस्तार से जानें 

केजरीवाल ने हिंदी में ट्वीट किया, ‘‘खेती और किसानों से संबंधित तीन विधेयक संसद में लाए गए हैं जो किसान विरोधी हैं। देश भर में किसान इनका विरोध कर रहे हैं। केंद्र सरकार को इन तीनों विधेयकों को वापस लेना चाहिए। आम आदमी पार्टी संसद में इनके विरोध में वोट करेगी।’’

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार संसद के मौजूदा मानसून सत्र में सोमवार को किसानों से संबंधित किसान उपज व्यापार और वाणिज्य (संवर्धन और सुविधा) विधेयक, मूल्य आश्वासन और कृषि सेवा पर किसान (सशक्तीकरण और संरक्षण) समझौता विधेयक तथा आवश्यक वस्तु (संशोधन) विधेयक, 2020 लेकर आई है। 

इसे भी पढ़ें: SAD के लिए किसान हित सर्वोपरि, संसद में विधेयकों के खिलाफ मतदान करेगी पार्टी: सुखबीर बादल 

आवश्यक वस्तु (संशोधन) विधेयक मंगलवार को लोकसभा में पारित हो गया। ये विधेयक किसानों को उनकी उपज के लिए लाभकारी मूल्य दिलाने, कृषि उपज के बाधा मुक्त व्यापार को सक्षम बनाने के साथ ही किसानों को अपनी पसंद के निवेशकों के साथ जुड़ने का मौका प्रदान करने से संबंधित हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़