Assam सरकार Zubeen Garg के स्मारक स्थल के लिए देगी 15 करोड़ रुपये

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

प्रसिद्ध गायक जुबिन गर्ग की जयंती पर असम सरकार ने गुवाहाटी के सोनापुर स्थित 'जुबिन क्षेत्र' के पहले चरण के निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बताया कि यह स्मारक स्थल आने वाली पीढ़ियों तक उनकी स्मृतियों को संजोकर रखेगा। इस अवसर पर प्रशंसकों और परिजनों ने प्रार्थना सभा और केक काटकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

जुबिन गर्ग के प्रशंसक, मित्र और परिवार के सदस्य बुधवार को उनकी जयंती पर उन्हें याद करने के लिए एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने उनके गाने गाए और उनकी याद में केक काटे। इस अवसर पर असम सरकार ने गुवाहाटी के बाहरी इलाके में सोनापुर क्षेत्र स्थित जुबिन गर्ग के अंतिम संस्कार स्थल जुबिन क्षेत्र में पहले चरण के काम के लिए 15 करोड़ रुपये मंजूर किए।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, हमारे प्रिय जुबिन की जयंती पर मैंने जुबिन क्षेत्र में काम के पहले चरण को मंजूरी दी है। यह ऐसा स्थान होगा, जो आने वाली पीढ़ियों तक उनकी यादों और विरासत को जीवित रखेगा। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने गायक को श्रद्धांजलि दी।

गर्ग का जन्म 1972 में मेघालय के तुरा में हुआ था। शर्मा ने कहा, उनकी 53वीं जयंती पर असम न केवल एक महान कलाकार को याद कर रहा है, बल्कि ऐसे व्यक्ति को भी याद कर रहा है, जो अपने संगीत के जरिए लाखों लोगों के परिवार का हिस्सा बन गए थे। जुबिन के लिए असम के लोगों के मन में जो प्यार है, वह हमारी धरती के हर कोने में गूंजता रहेगा।

गर्ग की पत्नी गरिमा ने मुंबई स्थित दंपति के आवास पर नाम-प्रसंग (प्रार्थना गीतों) बैठक आयोजित की, जिसमें कलाकार के मित्रों और प्रशंसकों ने भी हिस्सा लिया। गुवाहाटी के काहिलीपाड़ा स्थित उनके फ्लैट में निवासियों और अन्य लोगों ने केक काटकर उनकी जयंती मनाई। इस अवसर पर गर्ग के पिता भी मौजूद थे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने भी जुबिन को उनकी जयंती पर याद किया और सोशल मीडिया पर लिखा, जुबिन दा, आपने असम के लोगों को हंसाया, रुलाया, सपने देखने और आत्ममंथन करने के लिए प्रेरित किया। आप वह कंधा थे, जिस पर थके हुए मन को सुकून मिलता था। आप उन बादलों की तरह थे, जिन तक पहुंचने की आकांक्षा हर कोई रखता था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़