असम के Nagaon में CRPF कैंप में अधिकारी ने दो साथियों को गोली मारकर की खुदकुशी

असम के Nagaon में CRPF कैंप में अधिकारी ने दो साथियों को गोली मारकर की खुदकुशी
प्रतिरूप फोटो

असम के नगांव जिले में मंगलवार को सीआरपीएफ के एक सहायक उपनिरीक्षक ने अपने दो साथियों की गोली मारकर हत्या कर दी और एक अन्य को घायल करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। घटना कटिमारी स्थित 34 बटालियन शिविर के मुख्य गेट पर सुबह करीब सात बजे हुई।

नगांव, चार अगस्त असम के नगांव जिले में मंगलवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक अधिकारी ने अपने दो साथियों की गोली मारकर हत्या और एक अन्य को घायल करने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। नगांव की पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) परमिता सरकार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना कटिमारी में 34 बटालियन शिविर में सुबह करीब सात बजे हुई, जब मेन गेट पर ड्यूटी पर तैनात सहायक उपनरीक्षक बल्लानी प्रेमाबरम ने अपने साथियों पर गोली चला दी।

उन्होंने बताया कि बाद में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। परमिता ने बताया, ‘‘दो कर्मियों हवलदार विष्णु प्रसाद बघेल और उपनिरीक्षक रामनवल सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई।’’ उन्होंने बताया कि इस घटना में सीआरपीएफ का एक और जवान एएसआई गोविंद श्रीपुल घायल हो गया और उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया। परमिता ने बताया कि बाद में घायल जवान को गुवाहाटी चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

नगांव के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पार्थ प्रतिम दास ने घटनाक्रम के बारे में बताया कि आंध्र प्रदेश निवासी एएसआई प्रेमाबरम सुबह सीआरपीएफ शिविर के मुख्य गेट पर ड्यूटी के दौरान आवंटित हथियार के बिना पाए गए। दास ने ‘पीटीआई-भाषा’को बताया, ‘‘ इसके बाद उसने गार्ड रूम से एक इंसास राइफल ली और क्वार्टर गार्ड के पिछले हिस्से की ओर गया, जहां उसने बघेल पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौत हो गई।’’ असम पुलिस के एसएसपी ने बताया कि इसके बाद प्रेमाबरम ने यादव पर गोली चला दी, जो लखनऊ से दस्तावेज सत्यापन के लिए आए थे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया, ‘‘ एएसआई ने श्रीपुल पर भी गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये।

गोलीबारी के बाद प्रेमाबरम बी/171 बैरक में गया और खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई।’’ दास ने बताया कि पुलिस केंद्रीय अर्धसैनिक बल के अधिकारियों के समन्वय में पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़