Assam flood में सुधार के बीच 105 पहुंची मृतक संख्या, 4 जिलों में 32 हजार बेहाल

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार शिवसागर जिले में डूबने से एक और व्यक्ति की जान जाने के बाद राज्य में बाढ़ से कुल मौतों का आंकड़ा 105 पहुंच गया है। असम के गोलाघाट, जोरहाट, नागांव और शिवसागर में स्थिति में सुधार देखा गया है जहां अब करीब 31,900 लोग प्रभावित हैं। प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे 15 राहत शिविरों और केंद्रों में 2,782 पीड़ितों को आश्रय और सहायता दी जा रही है।
असम में सोमवार को बाढ़ की स्थिति में सुधार हुआ लेकिन एक और व्यक्ति की मौत हो गई तथा चार जिलों में लगभग 32,000 लोग अब भी बेहाल हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, शिवसागर जिले में बाढ़ के पानी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे इस साल बाढ़ से मरने वालों की संख्या 105 हो गई है।
एक बुलेटिन में बताया गया है कि गोलाघाट, जोरहाट, नागांव और शिवसागर जिलों में 31,900 से ज़्यादा लोग बाढ से बेहाल हैं। नागांव सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है, जहां लगभग 20,000 लोग प्रभावित हुए हैं। जोरहाट में 5,000 से ज़्यादा लोग और शिवसागर में 4,500 से ज़्यादा लोग परेशान हैं।
रविवार के बाद से बाढ़ की स्थिति में सुधार हुआ है। रविवार को पांच जिलों में लगभग 52,000 लोग प्रभावित थे। प्राधिकरण ने बताया कि प्रशासन चार ज़िलों में 15 राहत शिविर और राहत वितरण केंद्र चला रहा है, जहां 2,782 प्रभावित लोगों की देखभाल की जा रही है।
बुलेटिन के अनुसार, अभी असम में 147 गांव पानी में डूबे हुए हैं और 3,198.77 हेक्टेयर में लगी फसल को नुकसान पहुंचा है। इसमें कहा गया है कि राज्य के कई ज़िलों में बाढ़ के पानी से तटबंध, सड़कें, पुल और अन्य बुनियादी ढांचे क्षतिग्रस्त हुए हैं। बड़े पैमाने पर आई बाढ़ के कारण पूरे असम में 16,323 पालतू जानवर और कुक्कुट पक्षी प्रभावित हुए हैं।
अन्य न्यूज़













