अटल जी ने झारखंड बनाया, मोदी ने इसे ढाई गुना धन देकर सजाया संवारा: अमित शाह

atal-ji-made-jharkhand-modi-decorated-it-by-giving-two-and-a-half-times-the-money-says-amit-shah
[email protected] । Sep 18 2019 6:43PM

पिछले पांच वर्षों में 29 लाख आदिवासी माताओं को उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस सिलिंडर बांटे गये। अब उन्हें राज्य सरकार दूसरा गैस सिलिंडर भी मुफ्त दे रही है। देवघर में संथाल परगना के लोगों को ध्यान में रखते हुए एम्स बनाया जा रहा है।

जामताड़ा। केन्द्रीय गृह मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को यहां कहा कि जहां देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड राज्य का निर्माण किया वहीं वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे पांच वर्षों के भीतर एक लाख, 45 हजार 345 करोड़ रूपये और अन्य संसाधन उपलब्ध कराके सजाया संवारा है। झारखंड में इस वर्ष के अन्त में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आज केन्द्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के गढ़ रहे राज्य के संथाल परगना से ‘जोहार जन आशीर्वाद यात्रा’ का शुभारंभ किया और इस अवसर पर आयोजित जनसभा में झारखंड के साथ सौतेले व्यवहार और यहां लगातार राजनीतिक अस्थिरता के लिए कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा :झामुमोः पर जोरदार हमला बोला। विधानसभा चुनावों का बिगुल फूंकते हुए अमित शाह ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों से पूछा कि आखिर उन्होंने झारखंड के विकास के लिए क्या किया?

शाह ने कहा, ‘‘कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार ने तेरहवें वित्त आयोग के माध्यम से झारखंड को सिर्फ 55200 करोड़ रुपये दिये थे जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासन काल में चैदहवें वित्त आयोग ने राज्य को पांच वर्षों में ढाई गुना से अधिक एक लाख 45 हजार 345 करोड़ रुपये दिये।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यही कारण है कि मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड राज्य का निर्माण किया था और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे सजाया और संवारा है।’’ उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया, ‘‘पचपन वर्षों के अपने शासनकाल में आखिर कांग्रेस ने झारखंड और यहां की जनता को क्या दिया? सिर्फ गरीबी, लाचारी और नक्सलवाद?’’ शाह ने कहा, ‘‘भाजपा के अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में राज्य में पहले भी तीन बार सरकारें बनीं लेकिन यहां उसे चलने नहीं दिया गया। जब आपने 2014 में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनायी तो पिछले पांच वर्षों में राज्य में केन्द्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार ने चैतरफा विकास किया है।’’

इसे भी पढ़ें: पवार ने पाला बदलने वाले नेताओं से पूछा, जब आप मंत्री थे तब आपने क्या किया?

पिछले पांच वर्षों में 29 लाख आदिवासी माताओं को उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस सिलिंडर बांटे गये। अब उन्हें राज्य सरकार दूसरा गैस सिलिंडर भी मुफ्त दे रही है। देवघर में संथाल परगना के लोगों को ध्यान में रखते हुए एम्स बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में नक्सलवाद लगभग अंत की ओर है। राज्य सरकार ने रघुवर दास के नेतृत्व में तीस लाख परिवारों को बिजली कनेक्शन दिये हैं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाये हैं, लाखों की संख्या में शौचालय बनाये हैं, लाखों घरों में पानी का कनेक्शन दिया है।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा अपने सरकार के पांच वर्षों के कामकाज का लेखाजोखा दे रही है, हम मांग करते हैं कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग (यूपीए) भी अपने कार्यकाल में किये गये कार्यों का ब्यौरा दे। शाह ने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा संथाल से प्रारंभ हो रही है और यह राज्य की सभी 81 विधानसभा सीटों से गुजरेगी। उन्होंने संथाल परगना के लोगों से अपील की कि वह क्षेत्र की सभी 18 सीटें भाजपा की झोली में डालें।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़