Ballia में रामलीला मंच पर Mahamandaleshwar Kaushlendra Giri पर हमला, तीन नामजद पर केस दर्ज

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रसड़ा कस्बे के श्री नाथ बाबा मठ में आयोजित रामलीला के दौरान हथियारबंद लोगों ने मंच पर चढ़कर महामंडलेश्वर कौशलेन्द्र गिरी पर जानलेवा हमला कर दिया। उस समय पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी कार्यक्रम में मौजूद थे। पुलिस ने सतीश सिंह, संजीत गुप्ता और मोनू जायसवाल सहित अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास और बलवा का मामला दर्ज किया है।

बलिया के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र में रामलीला के दौरान महामंडलेश्वर कौशलेन्द्र गिरी (भाजपा नेता और श्री नाथ बाबा मठ के प्रमुख) पर हथियारबंद लोगों द्वारा जान से मारने की नीयत से कथित तौर पर हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। उप्र के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर कथित हमले के वक्त घटना स्थल पर मौजूद थे।

इस मामले में तीन व्यक्तियों के विरुद्ध नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या के प्रयास, मारपीट व घातक हथियारों से लैस होकर बलवा करने के आरोप से सम्बन्धित धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार रसड़ा कोतवाली में मंगलवार की देर रात्रि महामंडलेश्वर कौशलेन्द्र गिरी की तहरीर पर सतीश सिंह , संजीत गुप्ता व मोनू जायसवाल के साथ ही कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या के प्रयास, मारपीट व घातक हथियारों से लैस होकर बलवा करने के आरोप से सम्बन्धित धारा 109(1), 115(2), 191(2) व 191(3) में मुकदमा दर्ज किया गया है।

उन्होंने दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि गिरी पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर के साथ मंगलवार की शाम रसड़ा कस्बे में स्थित श्री नाथ बाबा मठ प्रांगण में रामलीला देख रहे थे कि इस दौरान आरोपी असलहा से लैस होकर मंच पर चढ़ गए और उनके ऊपर जान से मारने के इरादे से हमला कर दिया। उनका सहयोगी रुपेश तिवारी बीच-बचाव करने के लिए आगे आया तो आरोपियों ने उसकी भी पिटाई कर दी। शोरगुल सुनकर और लोग भी घटना स्थल पर पहुंचे, लेकिन भीड़ का लाभ उठा कर आरोपी फरार हो गए।

रसड़ा क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक रजनीश कुमार ने बुधवार को बताया कि पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधीक्षक ईराज राजा ने बताया कि रामलीला कमेटी का अपने कुछ सदस्यों के साथ पूर्व से विवाद चल रहा है। उन्होंने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए कठोर कार्रवाई की जा रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़