Ayodhya Ram Mandir के सभी कर्मचारियों का Police सत्यापन और चरित्र प्रमाणपत्र अनिवार्य

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर परिसर की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने के लिए सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने का निर्णय लिया है। इसके तहत कर्मियों को चरित्र प्रमाणपत्र के साथ परिवार और रिश्तेदारों की विस्तृत जानकारी देनी होगी। जून में चढ़ावे की कथित चोरी की घटना के बाद सुरक्षा कड़ी करते हुए यह कदम उठाया गया है।

अयोध्या (उप्र), एक अक्टूबर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में कार्यरत सभी कर्मचारियों का सत्यापन कराने का फैसला किया है। सूत्रों के मुताबिक, इसके तहत कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन, चरित्र प्रमाणपत्र और उनके परिवार से जुड़ी विस्तृत जानकारी देना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट ने मंदिर में कार्यरत कर्मचारियों से उनके परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों समेत अन्य जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराने को कहा है।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस सत्यापन और पुलिस द्वारा जारी चरित्र प्रमाणपत्र इस प्रक्रिया का अनिवार्य हिस्सा होंगे। मंदिर प्रशासन के सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट ने सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए यह कदम उठाया है। जून में मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।

इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया था और सभी आरोपी फिलहाल जेल में हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में पिछले सप्ताह करीब 70 हजार पन्नों का आरोपपत्र भी दाखिल किया गया था। मंदिर प्रशासन के सूत्रों के अनुसार, यह सत्यापन अभियान पिछले महीने पदभार संभालने वाले नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में चलाया जा रहा है।

ट्रस्ट के सदस्य दिनेंद्र दास ने बृहस्पतिवार को कहा कि ट्रस्ट द्वारा लिए गए फैसले मंदिर से जुड़े सभी लोगों को स्वीकार्य होंगे। दास ने ‘पीटीआई-वीडियोज’ से कहा, ट्रस्ट जो भी निर्णय लेगा उसे सभी स्वीकार करेंगे। पूजा-पाठ सुचारू रूप से चल रहा है, दान ठीक तरीके से प्राप्त हो रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और आरती के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़