Atal Bihari Vajpayee को Babulal Marandi ने दी श्रद्धांजलि, बताया झारखंड का निर्माता

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर झारखंड विधानसभा परिसर में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और भाजपा नेताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मरांडी ने वाजपेयी को भारतीय राजनीति का अजातशत्रु बताते हुए कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण का श्रेय उन्हीं को जाता है। उन्होंने पोखरण परमाणु परीक्षण और स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना जैसी उपलब्धियों में उनके योगदान को भी याद किया।
झारखंड भाजपा नेताओं ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और अन्य नेता विधानसभा परिसर पहुंचे तथा वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया। मरांडी ने पत्रकारों से कहा, अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के अजातशत्रु थे।
अगर झारखंड के निर्माण का श्रेय किसी एक व्यक्ति को दिया जा सकता है, तो वह अटल बिहारी वाजपेयी हैं। झारखंड के सभी निवासी उनके ऋणी हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया।
1998 में पोखरण में परमाणु परीक्षण की अनुमति देकर उन्होंने भारत को परमाणु हथियारों के मामले में आत्मनिर्भर बनाया। इसके अलावा, उन्होंने स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना की आधारशिला रखी और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी आज अटल बिहारी वाजपेयी की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं और उनके छोटे से कार्यकाल में शुरू किए गए विकास कार्यों को जारी रखे हुए हैं।
वाजपेयी भारतीय जनता पार्टी के पहले नेता थे, जो देश के प्रधानमंत्री बने थे। उनका जन्म 25 दिसंबर 1924 को ग्वालियर में हुआ था और 16 अगस्त 2018 को नयी दिल्ली में उनका निधन हुआ।
अन्य न्यूज़














