Baghpat Encounter: राष्ट्रपति भवन के सुरक्षा गार्ड पर गोली चलाने वाले दो इनामी बदमाश अरेस्ट

बागपत पुलिस ने राष्ट्रपति भवन के गार्ड पर गोली चलाने के मामले में वांछित दो इनामी बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। रमाला थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हुआ। दोनों आरोपियों पर दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित था और उनके पास से तमंचे व कारतूस जब्त किए गए हैं।
बागपत जिले के रमाला थाना क्षेत्र में दीपावली की रात पड़ोसियों के बीच हुई गोलीबारी में राष्ट्रपति भवन में तैनात सुरक्षा गार्ड सौरभ कुमार को गोली मारने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को दो इनामी आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण के रूप में हुई है। दोनों गोपालपुर खड़ाना गांव के निवासी हैं और उनकी गिरफ्तारी पर 10,000-10,000 रुपये का इनाम घोषित था।
उन्होंने बताया कि नौ नवंबर को जनकराज ने रमाला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि धीरज और मोनू ने उसके बेटे सौरभ कुमार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जबकि दूसरे बेटे विनीत के सिर पर डंडे से हमला कर उसे भी घायल कर दिया था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी बूढ़पुर रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्ते पर एक नलकूप के पीछे मौजूद हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उनकी घेराबंदी की तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में धीरज घायल हो गया, जबकि मोनू गन्ने के खेत में घुस गया। बाद में पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। घायल धीरज को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो कारतूस और तीन खोखे बरामद किए हैं।
अन्य न्यूज़













