Ballia में लेन-देन के विवाद में 28 वर्षीय युवक की हत्या, दो सगे भाइयों पर FIR दर्ज

Ballia में लेन-देन के विवाद में 28 वर्षीय युवक की हत्या, दो सगे भाइयों पर FIR दर्ज
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में चितबड़ागांव कस्बे के भीतर रविवार शाम पैसों के विवाद को लेकर एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने पीड़ित के पिता की शिकायत पर दो नामजद सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई है।

उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के चितबड़ागांव कस्बे में पैसे के लेन-देन को लेकर 28 वर्षीय एक युवक की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में मृतक के मोहल्ले में रहने वाले दो सगे भाइयों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) अक्षय कुमार ने बताया कि दो सगे भाइयों आकाश और बॉबी ने पैसे के लेन-देन को लेकर रविवार शाम आकाश (28) के पेट में चाकू मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही चितबड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को नरही स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए बलिया के सदर अस्पताल भिजवाया गया है।

उन्होंने बताया कि मृतक के पिता सलमू की शिकायत पर आकाश और बॉबी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक पुलिस टीम गठित की गई है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़