West Bengal: सरकारी परियोजनाओं के सूचना बोर्ड अब Bengali और Nepali भाषा में लगेंगे

पश्चिम बंगाल सरकार ने सभी विभागों को विकास कार्यों और योजनाओं के विवरण स्थानीय भाषाओं में प्रदर्शित करने का आदेश दिया है। इस फैसले के तहत सामान्य क्षेत्रों में बांग्ला और दार्जिलिंग तथा कलिमपोंग के पहाड़ी इलाकों में नेपाली भाषा का प्रयोग अनिवार्य होगा। इससे पहले केवल अंग्रेजी में बोर्ड लगे होने से लोगों तक सही जानकारी नहीं पहुंच पा रही थी।
कोलकाता, आठ नवंबर पश्चिम बंगाल सरकार ने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि सरकारी योजनाओं और परियोजनाओं से जुड़े सूचना बोर्ड पर जानकारी बांग्ला भाषा में दी जाए और दार्जिलिंग एवं कलिमपोंग जिलों के पहाड़ी इलाकों में नेपाली भाषा का इस्तेमाल किया जाए। छह नवंबर को जारी आदेश शनिवार को प्रेस के लिए उपलब्ध कराया गया, जिसमें कहा गया है कि इस फैसले का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोग अपनी समझ की भाषा में सरकारी परियोजनाओं की जानकारी हासिल कर सकें। सरकार ने कहा कि उसे पता चला है कि परियोजना स्थलों पर लगे कई सूचना बोर्ड पर केवल अंग्रेजी में जानकारी दी जा रही है, जिनमें केंद्र प्रायोजित योजनाओं और वित्त आयोग से मिलने वाले अनुदान से जुड़ी परियोजनाएं भी शामिल हैं।
सरकार के अनुसार, इससे पारदर्शिता, सार्वजनिक जवाबदेही और सामाजिक अंकेक्षण को बढ़ावा देने का उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है। नये दिशा-निर्देशों के तहत सरकारी परियोजना स्थलों पर लगाए जाने वाले सभी सूचना बोर्ड, होर्डिंग, साइनबोर्ड, पट्टिकाओं और सार्वजनिक सूचनाओं में परियोजना का नाम और विवरण, अनुमानित लागत, धन का स्रोत, काम शुरू होने और पूरा होने की तारीख तथा इसे लागू करने वाली एजेंसी का नाम और संपर्क विवरण देना अनिवार्य होगा। आदेश में कहा गया है कि गोरखालैंड क्षेत्रीय प्रशासन (जीटीए) के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों समेत दार्जिलिंग और कलिमपोंग के पहाड़ी इलाकों में आवश्यक जानकारी नेपाली भाषा में दी जाएगी।
आदेश के अनुसार, जहां जरूरी हो, वहां बांग्ला भाषा में भी जानकारी दी जाएगी।
अन्य न्यूज़














