JNU के हॉस्टल में छात्र पर धारदार हथियार से हमला, AIIMS में इलाज के दौरान गंवाई आंख

JNU के हॉस्टल में छात्र पर धारदार हथियार से हमला, AIIMS में इलाज के दौरान गंवाई आंख
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के बराक छात्रावास में पांच नवंबर को एक छात्र ने दूसरे छात्र पर हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में गंभीर रूप से घायल पीड़ित की दाईं आंख की रोशनी चली गई। वसंत कुंज उत्तर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नयी दिल्ली, सात नवंबर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के एक छात्र ने कथित तौर पर एक छात्रा से दोस्ती को लेकर अपने साथी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी एक आंख की रोशनी भी चली गई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना पांच नवंबर को अपराह्न करीब तीन बजे परिसर में बने बराक छात्रावास के कमरा संख्या-119 में हुई।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित की पहचान भाषा के दूसरे वर्ष के छात्र सौरभ के रूप में हुई है, जिस पर बृहस्पतिवार को अजय नाम के छात्र ने हमला किया था। पुलिस ने बताया कि अजय को कथित तौर पर एक छात्रा के साथ सौरभ की दोस्ती पर आपत्ति थी। आरोप है कि अजय ने सौरभ पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसके सिर, चेहरे, हाथ और आंख पर गंभीर चोटें आईं।

अधिकारियों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद सौरभ को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पुलिस को बताया कि उसकी दाईं आंख की रोशनी चली गई है। उन्होंने बताया कि सौरभ की सर्जरी हुई और शनिवार शाम तक उसका ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा था। पुलिस के अनुसार, विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में पंजीकृत अजय को भी इस घटना में चोटें आईं।

उसने बताया कि हाथापाई के दौरान तीन अन्य छात्र भी घायल हो गए, जिससे घायल छात्रों की कुल संख्या चार हो गई है। घटना के बाद सौरभ की महिला मित्र (छात्रा) ने पुलिस को मामले की शिकायत की। छात्रा की शिकायत पर वसंत कुंज उत्तर थाना में शुक्रवार को हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई थी। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच चल रही है। इस बीच प्रॉक्टोरियल जांच पूरी होने तक, आरोपी छात्रों के विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करने पर तत्काल रोक लगा दी गई है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़