बंगाल के सिनेमाघरों में Sadhak Bamakhepa को प्राइम टाइम में दिखाना अनिवार्य, आदेश जारी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पश्चिम बंगाल सचिवालय नबान्न में मंगलवार को सिनेमाघर मालिकों और फिल्म उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें निर्देश दिया गया कि बंगाली फिल्म साधक बामाखेपा को सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में दोपहर तीन बजे से रात नौ बजे के बीच प्राइम टाइम शो दिए जाएं। नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को सिनेमाघर मालिकों और मल्टीप्लेक्स संचालकों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि एक संत के जीवन पर आधारित बांग्ला फिल्म साधक बामाखेपा का प्रदर्शन प्राइम टाइम में जारी रहे। यह निर्देश एक आगामी हिंदी फिल्म को जगह देने के लिए कई सिनेमाघरों से इस फिल्म को हटाने के प्रस्ताव पर छिड़े विवाद के बीच आया है। मुख्यमंत्री ने अगले डेढ़ साल में राज्यभर में 51 नए सिनेमाघर बनाने की योजना की भी घोषणा की।

राज्य सचिवालय नबान्न में फिल्म निर्माताओं, निर्देशकों, वितरकों और सिनेमाघर संचालकों के साथ हुई बैठक में अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन सिनेमाघरों में फिल्म निर्माता साधक बामाखेपा का प्रदर्शन जारी रखना चाहते हैं, वहां फिल्म दिखाई जानी चाहिए। बैठक में मौजूद सूत्रों के अनुसार, इसके लिए दोपहर तीन बजे से रात नौ बजे के बीच प्राइम टाइम में शो देना अनिवार्य होगा। मुख्यमंत्री ने नियमों का पालन नहीं करने वाले सिनेमाघर संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

मौजूदा नियमों के तहत राज्य के सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स की प्रत्येक स्क्रीन पर प्राइम टाइम में बांग्ला फिल्म का प्रदर्शन अनिवार्य है। यह हस्तक्षेप उन खबरों के बाद किया गया, जिनमें कहा गया था कि कई सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स ने 27 नवंबर को रिलीज होने वाली एक आगामी हिंदी फिल्म के लिए जगह बनाने के वास्ते साधक बामाखेपा को रिलीज के एक सप्ताह के भीतर हटाने का फैसला किया है। बीस नवंबर को रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी और इसके कई शो हाउसफुल बताए गए थे।

इसके बावजूद फिल्म को हटाने की खबरों से बंगाली फिल्म उद्योग के एक वर्ग में विरोध और नाराजगी पैदा हो गई थी। अपराह्न एक बजे हुई इस बैठक में अभिनेत्री रूपा गांगुली, रुद्रनील घोष, हिरण चटर्जी, रितुपर्णा सेनगुप्ता, फिल्म वितरक शतदीप साहा और सिनेमाघर मालिक अरिजीत दत्ता सहित कई कलाकार और उद्योग प्रतिनिधि शामिल हुए। अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती और बंगाली सुपरस्टार प्रोसेनजीत चटर्जी भी ऑनलाइन माध्यम से चर्चा में शामिल हुए।

अधिकारी ने कहा कि सरकार बांग्ला फिल्म उद्योग से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करने और इस क्षेत्र को मजबूत करने के उपाय सुझाने के लिए 30 नवंबर तक एक समिति गठित करेगी। निर्देशक शुभ्रजीत मित्रा ने बैठक के बाद बताया कि प्रस्तावित समिति के सदस्यों का चयन मिथुन चक्रवर्ती और प्रोसेनजीत चटर्जी करेंगे। उन्होंने कहा, यदि नुकसान की पुष्टि होती है, तो इस पर चर्चा की जाएगी कि क्या सरकार सब्सिडी दे सकती है या निर्माता नुकसान का कुछ हिस्सा साझा कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अगले डेढ़ साल में 51 सिनेमाघर बनाने की योजना है। उन्होंने राज्य में 500 एकल स्क्रीन वाले सिनेमाघर बनाने की अपनी महत्वाकांक्षा भी जाहिर की और निजी क्षेत्र के निवेशकों को सिनेमा बुनियादी ढांचे में निवेश के लिए आमंत्रित किया। राज्य में पहले से ही ऐसा प्रावधान है, जिसके तहत प्रत्येक सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स की हर स्क्रीन पर रोजाना दोपहर तीन बजे से रात नौ बजे के बीच कम से कम एक बांग्ला फिल्म दिखाना अनिवार्य है।

यह नियम ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान लागू किया गया था, लेकिन समय के साथ इसका पालन कथित तौर पर सख्ती से नहीं कराया जा रहा था। अधिकारी ने प्रदर्शकों को इस नियम को सख्ती से लागू करने का निर्देश देते हुए कहा कि उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़