Tarn Taran में शहीद ASI Iqbal Singh के परिवार को मिलेंगे 2 करोड़ रुपये

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तरनतारन में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले सहायक उपनिरीक्षक इकबाल सिंह के परिजनों को एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के अनुसार एचडीएफसी बैंक की तरफ से भी उनके परिवार को एक करोड़ रुपये का बीमा कवर मिलेगा। शहीद पुलिसकर्मी को पूरे पुलिस सम्मान के साथ विदाई दी जाएगी।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तरनतारन जिले में हमलावरों की गोलीबारी में मारे गए एक सहायक उपनिरीक्षक के परिवार को मंगलवार को एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। तरनतारन जिले में रविवार शाम को लौहका रोड पर घर लौटते समय सहायक उपनिरीक्षक इकबाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मान ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ ड्यूटी के दौरान शहीद हुए सहायक उपनिरीक्षक इकबाल सिंह जी की बहादुरी और जज्बे को दिल से सलाम... दुख की इस घड़ी में पंजाब सरकार उनके परिवार के साथ खड़ी है।’’ पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि एचडीएफसी बैंक की ओर से सिंह के परिवार को एक करोड़ रुपये का अतिरिक्त बीमा भुगतान किया जाएगा।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हमारे बहादुर सहायक उपनिरीक्षक इकबाल सिंह ने ड्यूटी के दौरान अपनी जान कुर्बान कर दी। पंजाब पुलिस दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। माननीय मुख्यमंत्री ने उनके परिवार के लिए एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है, जबकि एचडीएफसी बैंक की ओर से उनके परिवार को एक करोड़ रुपये का अतिरिक्त बीमा भुगतान किया जाएगा।

शहीद को पूरे पुलिस सम्मान के साथ विदाई दी जाएगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़