World Bank Report का हवाला देकर बोले Bhajan Lal Sharma, भारत में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

जयपुर के सांगानेर में आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर वंचित वर्ग के उत्थान में जुटी हैं। उन्होंने विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट का जिक्र करते हुए दावा किया कि पिछले 12 सालों के दौरान देश में 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। शर्मा ने कार्यकर्ताओं से 'यही समय है-सही समय है' के संकल्प के साथ विकसित राजस्थान के निर्माण का आह्वान किया।

जयपुर, सात नवंबर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि हाल ही में जारी विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में पिछले 12 वर्षों में 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। मुख्यमंत्री ने यहां सांगानेर में आयोजित दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के विचारों को आत्मसात करते हुए काम कर रही है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार पिछले पौने तीन वर्षों से राजस्थान की जनता की सेवा में एक सेवक के रूप में जुटी हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राजस्थान को विकास की नयी ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए ‘‘यही समय है-सही समय है’’ के संकल्प के साथ काम करें। शर्मा ने कहा कि दीपावली का पर्व हमें अपनी सनातन संस्कृति, विरासत और संस्कारों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रेरणा लेकर प्रधानमंत्री मोदी के ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’’ के संकल्प के साथ विकसित राजस्थान का सपना साकार करना है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाकर ही रामराज्य की परिकल्पना साकार की जा सकती है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़