भरतपुर में ACB की कार्रवाई: मेडिकल रिपोर्ट के नाम पर घूस लेते दलाल पकड़ा, चिकित्सक हिरासत में

भरतपुर में ACB की कार्रवाई: मेडिकल रिपोर्ट के नाम पर घूस लेते दलाल पकड़ा, चिकित्सक हिरासत में
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

राजस्थान के भरतपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने मेडिकल रिपोर्ट बनाने के बदले 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एक दलाल को गिरफ्तार किया है। इस मामले में रिश्वत मांगने के आरोपी वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी को भी उनके सरकारी आवास से हिरासत में ले लिया गया। एसीबी के अनुसार परिवादी से मारपीट मामले में एमएलसी तैयार करने की एवज में यह रकम मांगी गई थी।

जयपुर, आठ अक्टूबर राजस्थान के भरतपुर जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बृहस्पतिवार को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक दलाल को गिरफ्तार किया, जबकि रिश्वत मांगने के आरोपी वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी को भी हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसने नदबई थाने में मारपीट का मामला दर्ज कराया था।

इस मामले में उसके परिजनों की चोटों का मेडिकल परीक्षण राजकीय चिकित्सालय, नदबई में कराया जाना था। शिकायत के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट में ‘हैवी एमएलसी’ बनाने के बदले वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशिकान्त शर्मा द्वारा अपने कथित दलाल त्रिलोकचन्द शर्मा उर्फ चीनू के माध्यम से 35 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत के गोपनीय सत्यापन में रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया।

कार्रवाई के दौरान दलाल को 35,000 रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया गया। एसीबी के अनुसार, रिश्वत की राशि उसकी पैंट की जेब से बरामद की गई। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी को उनके सरकारी आवास से हिरासत में लिया गया।

एसीबी के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ समेत और आगे की कार्यवाही जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़