Bhiwandi में ट्रक चालक की हत्या और लूटपाट के 2 आरोपी गिरफ्तार, 150 CCTV से सुराग

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भिवंडी-ठाणे बाईपास पर 16 अगस्त को बिहार निवासी ट्रेलर चालक की चाकू मारकर हत्या और लूट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस उपायुक्त पवन बंसोड के अनुसार 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने और तीन दिन के सघन अभियान के बाद रमीज अंसारी और मोहम्मद अलकैश मोमिन को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिनमें से एक आरोपी पर चोरी के 18 मुकदमे दर्ज हैं।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक ट्रक चालक से कथित रूप से लूटपाट कर उसकी हत्या करने के मामले में आपराधिक रिकॉर्ड वाले दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए तीन दिन तक अभियान चलाया गया तथा इस दौरान 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
पुलिस उपायुक्त (जोन-2 भिवंडी) पवन बंसोड के अनुसार, यह हत्या 16 अगस्त को भिवंडी-ठाणे बाईपास मार्ग पर हुई थी और इस सिलसिले में भिवंडी के रमीज अब्दुल राशिद अंसारी (23) और मोहम्मद अलकैश परवेज आलम मोमिन (25) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, बिहार के पवन कुमार काजू महतो ने 16 अगस्त की तड़के बाईपास मार्ग पर अपना ‘ट्रेलर’ खड़ा किया था, तभी दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर उसे लूटने की कोशिश की और विरोध करने पर उसके गले पर चाकू से वार कर दिया। अधिकारी ने बताया कि पवन के बेहोश होकर गिरने के बाद दोनों आरोपी उसके पैसे लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कोई शुरुआती सुराग नहीं मिलने पर पांच दलों का गठन किया गया। पुलिस के अनुसार मौके से फरार होने के लिए आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए रास्तों का खाका प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से तैयार किया गया और संदिग्धों तक पहुंचने के लिए क्षेत्र के 150 कैमरों के फुटेज की जांच की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
उसने बताया कि मामले में जांच के मुताबिक, अंसारी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जबकि मोमिन के खिलाफ चोरी के 18 मामले दर्ज हैं।
अन्य न्यूज़














