Bhiwandi में सड़क किनारे Shawarma खाने से 53 लोग बीमार, अस्पताल में भर्ती

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में वंजारपट्टी नाका स्थित दुकान से खाद्य पदार्थ खाने के बाद 17 बच्चों और 25 महिलाओं सहित दर्जनों लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार इंदिरा गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों की हालत स्थिर है। पुलिस ने फरार दुकान संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी कस्बे में सड़क किनारे एक दुकान से शावरमा खाने के बाद खाद्य विषाक्तता की आशंका के चलते 17 बच्चों समेत कुल 53 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में भर्ती मरीजों में 25 महिलाएं भी शामिल हैं।
सभी का इलाज सरकारी इंदिरा गांधी मेमोरियल (आईजीएम) अस्पताल में चल रहा है। भिवंडी-निजामपुर शहर नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप गाडेकर ने बताया कि मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है। अधिकारी के अनुसार, प्रभावित लोगों ने सोमवार रात भिवंडी के वंजारपट्टी नाका इलाके में एक दुकान से शावरमा खाया था।
इसके बाद उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया था कि खाद्य विषाक्तता की आशंका के चलते 11 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब यह संख्या बढ़कर 53 हो गई है।
गाडेकर ने पीटीआई-भाषा को बताया कि दुकान के मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के नियमों के तहत निजामपुरा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी फरार है। एफडीए के सहायक आयुक्त संतोष शिसोदिया ने कहा कि उन्होंने नगर निगम से सड़क किनारे खाद्य पदार्थ बेचने वालों के लिए कुछ स्थान निर्धारित करने का आग्रह किया है, ताकि उनकी उचित निगरानी की जा सके।
उन्होंने कहा कि फिलहाल भिवंडी में रेहड़ी-पटरी पर खाद्य पदार्थ बेचने वाले विक्रेता अलग-अलग जगहों पर फैले हुए हैं। शिसोदिया ने कहा कि शहर के लोगों को आपूर्ति किए जा रहे पेयजल का रंग पीला दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला में जांच के बाद ही यह पुष्टि हो सकेगी कि लोगों की तबीयत खराब होने का संबंध खाद्य विषाक्तता से है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
अन्य न्यूज़














